फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: चरित्र पर संदेह को लेकर पति ने पत्नी के सिर पर हथौड़ा मारकर की हत्या, वारदात के बाद सीधा पहुंचा थाने, बोला-साहब मेरे से कांड हो गया

Mon, 09 Jun 2025 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
मृतका के शव एंबुलेंस में रखती पुलिस।
विज्ञापन
सिरसा। डबवाली रोड स्थित मीरपुर कॉलोनी में सोमवार सुबह साढे चार बजे 37 वर्षीय मक्खन ने चरित्र पर संदेह के चलते चारपाई पर सोई अपनी पत्नी 35 वर्षीय आरती की सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर सीधा सदर थाने पहुंचा और मुंशी से कहा कि साहब मेरे से कांड हो गया। उसकी बात सुनकर पुलिस कर्मी हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर हत्यारोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार शहर के खन्ना कॉलोनी निवासी आरती की शादी वर्ष 2004 में नाथूसरी चौपटा खंड के गांव हंजीरा निवासी मक्खन के साथ हुई थी। शादी के बाद मक्खन आरती के साथ डबवाली रोड स्थित मीरपुर कॉलोनी में 100 गज का मकान बनाकर रहने लगा। मक्खन बाइक मैकेनिक है। उसका मीरपुर कॉलोनी के रोड पर खोखा है। कुछ समय से मक्खन को अपनी पत्नी आरती के चरित्र पर शक था। उसे लगा कि उसकी पत्नी के दूसरे शख्स के साथ अवैध संबंध हैं। इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़ा भी होता रहता। सोमवार को वारदात के बाद मक्खन ने सदर थाने पहुंच खुद ही वारदात की सूचना पुलिस को दी। उसने कहा कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला, उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध थे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।



चारपाई पर पड़ा था खून से लथपथ शव
वहीं मृतका आरती के घरवालों का कहना है कि सुबह आरती के मोबाइल पर कॉल की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद पिता गणेश शर्मा आरती के घर पहुंचे तो वहां चारपाई पर खून से लथपथ आरती का शव पड़ा था। पुलिस पहले से मौके पर पहुंची हुई थी।
विज्ञापन




मौसी के घर हंजीरा गए हुए थे बेटा-बेटी

मक्खन व आरती के दो बच्चे हैं। बेटी 17 साल की है और बेटा 9 साल का। दोनों गर्मी की छुट्टियों में अपनी मौसी के घर गए हुए थे। वारदात के समय मक्खन व आरती ही घर पर थे। आरती के पिता गणेश शर्मा ने बताया कि मक्खन व आरती एक-दूसरे के चरित्र पर शक करते थे। मक्खन अक्सर उनकी बेटी के चरित्र पर उंगली उठाता था। दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। पिता का कहना है कि उसे यह नहीं पता था कि मक्खन उनकी बेटी की हत्या कर देगा। मृतका के पिता गणेश शर्मा का कहना है मक्खन शादी के बाद शराब पीने लगा था।




घर पर सिलाई व मनियारी का काम करती थी आरती
मक्खन व आरती मिलकर घर का खर्चा चलाते थे। मक्खन बाइक मिस्त्री का काम करता था और आरती घर पर ही सिलाई -कढ़ाई व मनियारी का काम करती थी। वारदात का पता चलने पर सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। सीन ऑफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची और वारदात के सबूत एकत्रित किए।




रामपुरा ढिल्लो मर्डर की खबर देखकर रची साजिश

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी मक्खन का कहना है कि उसने गांव रामपुरा ढिल्लो में शनिवार को पति द्वारा कस्सी से पत्नी की गर्दन काटकर हत्या वाली खबर मोबाइल पर देखी। उसे लगा कि ऐसे ही हालात उसके घर में है। इसके बाद मक्खन ने भी आरती को जान से मारने की साजिश रची। दोनों बच्चे घर पर न होने के कारण उसे लगा कि यह वारदात का सही समय है। रविवार रात को मक्खन व आरती खाना खाकर सो गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे मक्खन उठा और चारपाई पर सोई हुई आरती के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी हत्या कर दी।





मृतका के पिता गणेश शर्मा के बयान पर आरोपी पति मक्खन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मक्खन को शक था कि उसकी पत्नी के किसी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। सोमवार शाम शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन

सुखदेव सिंह, प्रभारी, सदर थाना सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें