सिरसा। जिले की अनाज मंडियों में धान, बाजरा और नरमा की आवक जोर पकड़ने लगी है। इसी बीच दिवाली, विश्वकर्मा दिवस और भैया दूज पर्व के उपलक्ष्य में दी एसोसिएशन आढ़तियान अनाज मंडी सिरसा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रधान प्रेम बजाज की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंडी में 19, 20 व 21 अक्तूबर तक तीन दिन का अवकाश रहेगा।
मंडियों में पीआर धान 92604.7 मीट्रिक टन पहुंच चुका है। इसमें 62902.2 एमटी धान की उठान अभी तक नहीं हई है। वहीं 1509 किस्म धान 32954.1 मीट्रिक टन खरीदा गया है। कई मंडियों में धीमी उठान प्रक्रिया से जाम जैसे हालात बनने लगे थे। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि इन तीन दिनों के दौरान किसी भी प्रकार की बोली नहीं लगेगी।
यह निर्णय सिरसा जिला एसोसिएशन के फैसले के अनुरूप लिया गया है और स्थानीय आढ़ती संगठन ने उसमें पूर्ण समर्थन देने की बात कही है। एसोसिएशन ने सभी आढ़तियों से अनुरोध किया है कि वे किसानों को इस अवकाश की जानकारी दें, ताकि मंडी में किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में एसोसिएशन प्रधान प्रेम बजाज, उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नड्ढा व कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल उपस्थित थे।