सिरसा। एक व्यक्ति को जाल में फंसाकर पहले युवती ने अपनी इच्छा से शारीरिक संबंध बनाया और बाद में धमकी देकर रुपये ऐंठने की साजिश रची। इस गिरोह के तीन सदस्यों को शहर थाना पुलिस ने 55 हजार रुपये की राशि लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरोह में दो महिलाएं व एक युवक शामिल हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीमा, निवासी इटावा यूपी हाल निवासी कल्याण नगर, कंगनपुर निवासी राहुल के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बेगू रोड निवासी एक व्यक्ति ने शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को इस मामले की शिकायत दी थी। इसमें पीड़ित ने आरोपियों पर एक लाख रुपये की मांग किए जाने के आरोप लगाए। शनिवार शाम को आरोपियों ने पीड़ित को नकद राशि लेकर कंगनपुर के एक मकान में बुलाया था। ऐसे में पुलिस टीम भी पहुंच गई और पीड़ित को राशि देकर अंदर भेज दिया। जैसे ही उसने उक्त आरोपियों को 55 हजार रुपये दिए, तो पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी रीमा पर पहले भी नशे की सप्लाई संबंधित मामला दर्ज हैं, जबकि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों का भी रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है ।
ये है पूरा मामला
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित बताया कि करीब चार दिन पहले कमरा किराये पर लेने के लिए एक युवती का उसके पास फोन आया। वह युवती को कमरा दिखाने के लिए उसके साथ चला गया। ऐसे में उक्त युवती ने उसके साथ इच्छा अनुसार संबंध बनाए और बाद में वहां से चली गई। आरोप है कि अगले ही दिन उसका एक साथी आया और एक लाख रुपये की मांग रखी। जब उसने रुपये देने से इन्कार किया तो उक्त युवक ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने की धमकी दी। उक्त युवती ने 22 सितंबर को महिला थाना में मकान मालिक के खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज करवाया था।
वर्जन
ब्लैकमेलिंग किए जाने की बेगू रोड निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। इसके आधार पर एक टीम तैयार की गई। टीम ने 55 हजार रुपये लेते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों का पिछला रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। -प्रदीप कुमार, शहर थाना प्रभारी, सिरसा ।