सिरसा। शाह सतनामजी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों का डेरा सच्चा सौदा के रूहानी स्थापना महीने की खुशी में बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन में चलाया जा रहा सफाई अभियान दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। दूसरे दिन भी इस सेवा कार्य में सिरसा सहित आस पास के ब्लॉकों से काफी संख्या में सेवादारों ने भाग लिया। सफाई अभियान के दूसरे दिन की शुरुआत सेवादारों व उपस्थित 85 मेंबरों की ओर से अरदास करके किया।
सेवादार ने हाथों में कस्सी, तसले व दरांती लेकर 66 एकड़ में फैली पुलिस लाइन के विभिन्न पार्कों, रिहायशी कॉलोनियों की सफाई में जुट गए। सेवादारों की अलग-अलग 5 टीमें बनाकर पुलिस लाइन, महिला थाना, सिविल लाइन थाना सहित अन्य जगह सफाई अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन के विभिन्न पार्कों में बिखरे सूखे पत्तों व गंदगी को झाड़ से एक स्थान पर एकत्रित किया। 85 मेंबर सहदेव इन्सां, 85 मेंबर इंद्र इंसां व सिरसा ब्लॉक प्रेमी सेवक कस्तूर सोनी इंसां व कल्याण नगर से हैप्पी इंसां ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा की संगत गुरमीत राम रहीम के प्रेरणा पर चलते हुए सफाई अभियान सहित 167 मानवता भलाई के कार्य करती है। इसी के तहत पुलिस प्रशासन के आह्वान पर पुलिस लाइन व अन्य पुलिस स्टेशनों में सफाई अभियान चलाया हुआ है। शनिवार को सेवादारों की ओर से जेसीबी और ट्रैक्टर, रोटावेटर की मदद से विभिन्न खाली स्थानों पर उगी घास को भी हटाया गया। इसके अलावा मुख्य सड़क के किनारों को भी संवारा गया। सेवादारों ने पुलिस लाइन में बने सभी पार्कों की सफाई करके सूरत बदल दी।
सफाई अभियान के दौरान खास बात यह रही कि सेवादार साफ-सफाई के औजार, लंगर-भोजन,चाय-पानी भी अपने साथ लेकर पहुंचे। यह सब देखकर पुलिस कर्मियों व उनके परिवारों ने डेरा अनुयायियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उन्हें सैल्यूट किया।