कालांवाली। नगर पालिका कालांवाली में 4 अगस्त को हाउस की पहली बैठक होने जा रही है। बैठक में नवनिर्वाचित प्रधान व कुल 16 वार्डों के पार्षद हिस्सा लेंगे। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों के लिए चर्चा होगी। बैठक के लिए अब भी प्रधान का कमरा पूरी तरह से तैयार नहीं हो पाया है।
हालांकि बैठक के लिए नगर पालिका प्रशासन ने टेंट हाउस से करीब 30 कुर्सियां किराये पर मंगवाकर प्रबंध किया है, ताकि हाउस की पहली बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक के लिए शहर के प्रधान व सभी पार्षदों से शहर व अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को जानकर एजेंडा तैयार किया है। बैठक में शहर में बरसाती पानी की निकासी करवाने और टूटी सड़कों में सुधार करवाने का मुद्दा प्रमुख होगा।
इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनानेे, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को बेहतर बनाने, टूटी सड़कों की मरम्मत करवाने और नई बनाने, सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने, पार्कों की व्यवस्था को बेहतर बनाने, पेयजल किल्लत जैसे गंभीर समस्याओं और उनके समाधान के लिए चर्चा होगी।