सिरसा। गांव पनिहारी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी सवार दो लोगों ने हजारों रुपये का डीजल डलवाया और बिना पैसे दिए फरार हो गए। सदर थाना सिरसा पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पनिहारी के पास बरनाला रोड पर दशमेश पिता फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। पंप पर सुभाष चंद्र निवासी यूपी सेल्समैन के रूप में काम करता है। सुभाष चंद्र का कहना है कि गत दिवस पेट्रोल पंप पर एक गाड़ी आई। गाड़ी में दो युवक सवार थे। दोनों युवकों ने गाड़ी की टंकी फुल करने के लिए कहा। सुभाष का कहना है कि उसने गाड़ी में 45.43 लीटर डीजल डाल दिया। इसके बाद युवकों ने प्लास्टिक की कैनी में 503 रुपये का डीजल भरवाया।
सुभाष का कहना है कि वह मशीन से बिल निकालने लगा तो दोनों युवक गाड़ी लेकर फरार हो गए और वापस नहीं आए। इसके बाद सुभाष ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम जाना। सुभाष कहना है कि उसने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था। दोनों युवक 4 हजार 703 रुपये तेल डलवा कर फरार हुए हैं। सदर थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर जल्द ही उसके मालिक का पता लगा लिया जाएगा, गाड़ी हरियाणा की है।