संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्वास्थ्य विभाग की उपनिदेशक डॉ. दीपाली ने जिले के नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के आईसीयू वार्ड, ट्रामा सेंटर, गायनी वार्ड, बच्चों को वैक्सीन लगाने सहित वार्डों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने स्टाफ से सवाल जवाब किए और रजिस्टर व रिकार्ड भी जांचा। वहीं मरीजों से दवाई बाहर से मंगवाने व गायनी वार्ड में जगह की कमी होने के चलते अपनी समस्या बताई। उन्होंने अधिकारियों को जल्द ही समस्या हल करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग की उपनिदेशक डॉ. दीपाली सोमवार सुबह नागरिक अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए पहुंची। उनके साथ पीएमओ डॉ. संदीप गुप्ता, उप सिविल सर्जन डॉ. बुधराम, डॉ. साकेत सेतिया, उप सिविल सर्जन डॉ. आरके दहिया, चीफ नर्सिंग ऑफिसर गायत्री देवी मौजूद थे। उपनिदेशक ने पहले ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी इलाज संबंधित जानकारी ली। इस दौरान मरीजों ने भी ठीक तरह से इलाज होने संबंधित जवाब दिया। इमरजेंसी के अलावा सामान्य बिल्डिंग में निक्कू वार्ड, गायनी वार्ड, मेडिकल वार्ड, ओटी, लैब में व्यवस्थाएं जांचने पहुंचीं। यहां रिकाॅर्ड रजिस्टर चेक किए गए। वार्डों में पहुंच मरीजों से हालात का जायजा लिया। एक ने कहा कि कई तरह की दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, जबकि गायनी वार्ड में भर्ती प्रसूता ने जगह के अभाव की समस्या बताई। उपनिदेशक ने पीएमओ को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। वहीं, अस्पताल की बिल्डिंग के कई हिस्से और दीवारें जर्जर होने पर चिंता जाहिर की। पीएमओ ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि हेल्थ डिपार्टमेंट से स्वीकृत दो करोड़ 82 लाख रुपये राशि तीन माह से पीडब्ल्यूडी के पास जमा है। इस पर उपनिदेशक ने डीजी हेल्थ ऑफिस से संबंधित विभाग को चिट्ठी लिखने का भरोसा दिलाया।