कालांवाली। मानसून में शहर में किसी प्रकार की पानी निकासी व सीवरेज जाम की समस्या पैदा न हो, इसके लिए जन स्वास्थ्य विभाग सीवरेज सिस्टम को सुधारने में जुट गया है। विभाग लगातार शहर में अभियान चलाकर मुख्य बाजारों, गली व मोहल्लों में बने सीवरेज मैनहोल की सफाई करवा रहा है।
विभाग की तरफ से सबसे पहले सीवरेज जाम व बरसाती पानी की निकासी न होने वाले एरिया में मैनहोल की सफाई करवाई जा रही है। क्षेत्र में लगभग जुलाई के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में मानसून की बारिश शुरू हो जाती है।
ऐसे में बरसाती पानी की निकासी के लिए शहर में नालों और सीवर लाइनों का दुरुस्त होना जरूरी है, ताकि पानी की निकासी निर्बाध रूप से हो और शहर में कहीं भी जलभराव या सीवरेज लाइनों में ओवरफ्लो की स्थिति न बने। इसीलिए मानसून के मद्देनजर शहर में सीवरेज लाइनों और नालों की सफाई करवाई जा रही है।
तीन मशीनों और 15 कर्मचारियों की मदद से हो रही सफाई
विभाग की तरफ से सीवरेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए डबवाली से तीन मशीनें मंगवाई गई हैं। ग्राइविंग, जेटिंग, और सुपर सकर जैसी अति आधुनिक तकनीक की मशीनों की मदद से सीवरेज को साफ करवाया जा रहा है। इसके अलावा विभाग के करीब 15 कर्मचारी लगातार अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
15 जून तक साफ करने का लक्ष्य
जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में गत 23 मई से अभियान की शुरूआत की गई है। विभाग की ओर से सबसे ज्यादा समस्या वाले क्षेत्र माॅडल टाउन, हरियाणा बस स्टैंड, आर्य समाज मोहल्ला, जंगीर सिंह कॉलोनी, देसूमलकाना रोड, मनसा राम जेई वाली गली, डाकखाना रोड सहित क्षेत्र में सीवरेज लाइनों की सफाई करवा दी गई है। विभाग की ओर से 15 जून तक शहर के कुल 16 वार्डो, मुख्य बाजारों, मेन सड़कों इत्यादि में पूरी तरह से सीवरेज मैनहोल साफ करवाने का लक्ष्य रखा है, ताकि करीब 30 हजार की आबादी वाले शहर में कोई दिक्कत न आए।
-मानसून सत्र में शहरवासियों को किसी प्रकार की सीवरेज समस्या पैदा न हो, इसके लिए विभाग लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है और रोजाना अभियान चलाकर सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बना रहा है। अभियान 23 मई से 15 जून तक चलेगा।
- जसबीर सिंह, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग