सिरसा। जिले में इस बार किसानों को यूरिया खाद की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। कृषि विभाग के अनुसार जिले में अब तक 82 हजार मीट्रिक टन यूरिया खाद पहुंच चुकी है। इसमें से 62 हजार मीट्रिक टन खाद किसानों को बांटी जा चुकी है। यह खाद किसानों की मांग और जरूरत को देखते हुए समय पर उपलब्ध कराई जा रही है।
कृषि विभाग के अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि जिले में कुल रकबे को देखते हुए एक लाख 10 हजार मीट्रिक टन यूरिया की मांग भेजी गई थी। इसमें से जिले में पहले 55 हजार मीट्रिक टन और फिर तीन दिना में 27 हजार मीट्रिक टन खाद पहुंची है। अब तक 62 हजार मीट्रिक टन खाद बांट दी गई है। 20 हजार मीट्रिक टन के करीब खाद का स्टॉक उपलब्ध है। रविवार को शेष खाद जल्द ही जिले में पहुंचेगी। विभाग का दावा है कि उपलब्ध यूरिया खाद जिले के सभी किसानों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम होगी।
किसानों को मिलेगी समय पर खाद
कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि किसानों को खेतों में समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। जिले के सभी वितरण केंद्रों पर यूरिया खाद भेजी जा चुकी है, और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को उचित मूल्य पर खाद आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद लेने के लिए अपना आधार कार्ड साथ लेकर आना है जिस पर किसान को उसकी जमीन के अनुसार खाद दी जाएगी।
रबी फसल की तैयारी में मदद
किसान इस समय गेहूं और सरसों की बिजाई में जुटे हुए हैं। यूरिया खाद की उपलब्धता रबी फसल की बुआई के दौरान किसानों के लिए राहतभरी साबित होगी। खेतों में समय पर खाद मिलने से फसलों की वृद्धि और उत्पादन में सुधार होगा। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद को अधिक मात्रा में न खरीदें और आवश्यकता अनुसार ही उपयोग करें।
कालाबाजारी पर रहेगी नजर
खाद की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कालाबाजारी न हो, इसके लिए प्रशासन सख्त निगरानी रख रहा है। यदि कोई डीलर या व्यक्ति यूरिया खाद की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. अमित कुमार , क्वालिटी कंट्रोलर ऑफिसर, कृषि विभाग, सिरसा।