गुसाईआना निवासी सुरेंद्र गर्ग। विज्ञप्ति
सिरसा। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव गुसाईंआना के सुरेंद्र गर्ग से फोन पर बात करते हुए हालचाल पूछा। शुक्रवार रात्रि को साढ़े 9 बजे मुख्यमंत्री के अचानक आए फोन से सुरेंद्र गर्ग हैरान रह गए। पोर्टल पर सुरेंद्र गर्ग ने गांव में जिम व पुस्तकालय में पुस्तकों को लेकर शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने सुरेंद्र के पास फोन करके कहा कि पुस्तकालय में जल्द ही पुस्तकें आ जाएंगी। गांव में जिम की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये की राशि भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव गुसाईंआना के सुरेंद्र से तीन मिनट तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने गांव व परिवार के लोगों का हालचाल पूछा। वहीं सवाल करते हुए कहा कि आप किस नेता को जानते हो। सुरेंद्र गर्ग ने जवाब दिया कि वे सिरसा के विधायक गोपाल कांडा को जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिर गोपाल कांडा को मेरी नमस्ते कहना। इसके बाद हंसते हुए सीएम ने फोन पर कहा ठीक है सुरेंद्र, हमेशा खुश रहो। सुरेंद्र ने बताया कि वह एएमआईएमएस विश्वविद्यालय मुंबई से एमबीए कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से बातचीत के पल हमेशा याद रहेंगे।