फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट करने पर आढ़ती सहमति नहीं जता रहे हैं। फल मंडी आढ़तियों द्वारा अब वीरवार तक फल मंडी को शिफ्ट करने का समय मांगा गया है। हालांकि प्रशासन के निर्देशों के अनुसार बीते सोमवार को ही सब्जी व फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट करने के आदेश जारी किए थे। साथ ही सब्जी मंडी प्रधान द्वारा रेहड़ी चालकों के पास व कपास मंडी का दूसरा गेट खुलवाने की मांग की गई है।
फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट करने का समय अब एक दिन ओर बढ़ गया है। प्रशासन द्वारा अब फल मंडी को 19 मई शाम तक कपास मंडी में शिफ्ट करने की अनुमति दे दी है। अब फल मंडी के 16 आढ़ती बुधवार को कपास मंडी में शिफ्ट करेंगे। फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट ना होने के चलते मार्केट कमेटी द्वारा उन्हें नोटिस जारी कर कपास मंडी में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे जिस पर फल मंडी आढ़तियों द्वारा मंगलवार तक का समय मांगा था।
बता दें कि फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट ना करने को लेकर सब्जी मंडी प्रधान गुरविंद्र सिंह की ओर से प्रशासन को फल मंडी के चार आढ़तियों के खिलाफ आदेश ना मानने को लेकर शिकायत दी थी और कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद मार्केट कमेटी की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर फल मंडी को कपास मंडी में शिफ्ट करने के आदेश दिए थे और न मानने पर कार्रवाई की बात कही थी। नोटिस में यह भी कहा गया था कि समय अवधि खत्म होने पर पुरानी सब्जी मंडी गेटों को प्रशासन के अगले आदेशों तक बंद कर दिए जाएंगे।
सब्जी व फल मंडी अलग-अलग होने से हो रही परेशानी : फल व सब्जी मंडी दो जगहों पर होने के चलते सब्जी व फल खरीदने वालों को भी परेशानी हो रही है। शहर के बाहर से आने वाले खरीददारों को फल व सब्जी खरीदने के लिए अलग-अलग मंडी में जाना पड़ता है। जिसके चलते उनका काफी समय खराब हो रहा है। रेहड़ी चालक बाबूलाल, गिरदावरी व सोहनलाल ने बताया कि वार्ड में रेहड़ी लेकर जाते हैं जिसके चलते उन्हें फल व सब्जी दोनों की खरीददारी करनी पड़ती है। मंडी दूर होने से समय खराब हो रहा है और प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर रेहड़ी लगाने का कम समय मिलता है।
फल मंडी के आढ़तियों को मंडी शिफ्ट करने के लिए वीरवार तक का समय दिया गया है। मंडी शिफ्ट ना करने पर कार्रवाई की जाएगी। -विकास सेतिया, मार्केट कमेटी सचिव, सिरसा।