भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता उपायुक्त अनीश यादव को ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। विजय सांपला का किसानों द्वारा विरोध करने पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बसंत नागौकी के नेतृत्व में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि 31 जुलाई को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला का सिरसा जिले में आगमन हुआ था। आयोग के अध्यक्ष का पद एक संवैधानिक पद है व इस पर आसीन व्यक्ति निष्पक्षता से व बिना पक्षपात भेदभाव के पिछड़े वर्ग की समस्याओं का निदान करता है। 31 जुलाई को विजय सांपला को गांव दादू में श्रीगुरुद्वारा साहिब दादू में नतमस्तक होने के साथ हरियाणा शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल के साथ पिछड़े वर्ग की समस्याओं व समाधान बारे विचार विमर्श करना था। आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला के आने की सूचना सार्वजनिक हुई तो संयुक्त किसान मोर्चा की आड़ में कुछ अवांछित लोगों ने उग्र/आक्रमक व असभ्यतापूर्वक विरोध किया। कथित किसानों ने किसी व्यक्ति का नहीं बल्कि देश के समस्त पिछड़े वर्ग का अपमान किया है। इसलिए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति पिछड़े समाज का अपमान न करें। इस मौके पर पूर्व विधायक बलकौर सिंह, एससी मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रतनलाल बामनियां, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. गंगासागर केहरवाला, मक्खन सिंह ख्योवाली, जिला सचिव सुनील बामनियां आदि मौजूद रहे।