सिरसा। जनस्वास्थ्य विभाग एसडीओ पर हमला करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार शाम एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अजय कुमार निवासी प्रेम नगर सिरसा का रहने वाला है। पुलिस को दिए बयान में मंडी आदमपुर निवासी दीपक कुमार पुत्र सुभाष चंद ने बताया था कि वह जनस्वास्थ्य विभाग उप मंडल नंबर तीन सिरसा में उपमंडल अभियन्ता के पद पर कार्यरत है। 6 जून को वह शाम करीब 6 बजे कीमैन अंकित सिंगला के साथ सरकारी काम से बाइक पर सवार होकर लघु सचिवालय जलघर जा रहा था। रेलवे फाटक के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर ठेकेदार ओंकार सिंह उर्फ राय सिंह पुत्र भगवान निवासी हुडा कॉलोनी सिरसा अपने तीन अन्य साथियों के साथ आया। उक्त सभी ने उनका रास्ता रोका और उसपर हमला कर दिया। अंकित सिंगला बीच बचाव करने आया तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। थाना प्रभारी राधे श्याम ने बताया कि आरोपी अजय से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।