डबवाली में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश।
सिरसा। जिले में बुधवार को डबवाली, कालांवाली, ऐलनाबाद क्षेत्र में बारिश हुई। डबवाली में तेज हवाओं के साथ 20 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण ग्वार और नरमे की फसल को नुकसान हुआ है। नुकसान कितना हुआ है, इसका अनुमान कृषि विभाग के अधिकारियों की ओर से सर्वे कर लगाया जाएगा।
आईएमडी के अनुसार जिले का बुधवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के बाद दो डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बारिश के कारण डबवाली शहर और आस पास के एरिया में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। अंडरपास से लेकर शहर के मुख्य बाजारों में जलभराव हो गया। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज हवाओं के साथ बारिश होने के कारण ग्वार और नरमे की फसल को नुकसान पहुंचेगा। अगेती ग्वार अभी कटाई पर है और नरमा भी खिल रहा है। - डॉ. सुखदेव कंबोज, उप निदेशक, कृषि विभाग, सिरसा।