ऐलनाबाद। कोर्ट परिसर के पास वकीलों द्वारा बनाई सीटों को तोड़ने के लिए वीरवार को तहसीलदार रविंद्र सिंह मलिक पुलिस फोर्स लेकर पहुंच गए। कर्मचारियों ने सीटें हटाने के लिए जैसे ही जेसीबी मशीन चलाई तो वकीलों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बलराज सिंह खोसा ने कहा कि प्रशासन केवल अधिवक्ता की सीटों को हटाने पर जोर दे रहा है। ऐलनाबाद ब्लॉक क्षेत्र में कई अवैध गतिविधियां जारी हैं। यदि प्रशासन ने अधिवक्ताओं की सहमति के बिना जबरन चैंबर तोड़ने की कार्रवाई की तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। वहीं, तहसीलदार रविंद्र सिंह मलिक ने बताया कि ऐलनाबाद कोर्ट की तरफ से शिकायत आई थी कि कुछ वकीलों ने अवैध रूप से अपनी सीटें बना ली हैं। कोर्ट ने इसे तोड़ने का आदेश दिया था। वकीलों ने अब सात दिन का समय मांगा है। वकीलों ने उनसे कहा है कि वे स्वयं ही अपनी सीटें हटा लेंगे।