राजकीय प्राइमरी पाठशाला रगढ़पट़टी। संवाद
सिरसा। जिले के प्राइमरी विद्यालयों में अब विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने पहली से लेकर तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर पर खास नजर रखने की योजना बनाई है। शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि सभी विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा
इसके लिए विभाग द्वारा विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। इन टीमों में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी), एबीआरसी और शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। ये टीमें विद्यालय स्तर पर जाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई की गहन जांच और मूल्यांकन करेंगी। इसकी रिपोर्ट स्कूल के मुखिया विभाग अधिकारियों को देंगे। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से बच्चों की पढ़ाई में सुधार होगा और प्राथमिक स्तर पर ही उनकी बुनियाद मजबूत होगी। साथ ही भविष्य की पढ़ाई में भी उन्हें लाभ मिलेगा।
...ताकि मजबूत हो बुनियाद
जिले के सभी प्राइमरी विद्यालयों में अब विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर लगातार नजर रखी जाए ताकि उनकी बुनियाद मजबूत हो सके।
टीम में बीआरपी, एबीआरसी व शिक्षकों का किया जाएगा चयन
टीमों के गठन में शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इनमें बीआरपी, एबीआरसी और अनुभवी शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। ये सभी अधिकारी व शिक्षक मिलकर विद्यार्थियों की पढ़ाई की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।
जिले के राजकीय प्राइमरी विद्यालयों में विद्यार्थियों व कक्षाओं का आकलन किया जाएगा। जिसके तहत टीमों का भी गठन किया जाएगा। जो समय - समय पर स्कूलों में जाकर समीक्षा करेंगी। - डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन सिरसा।