सिरसा। जिले के टीजीटी व पीजीटी शिक्षकों को अब विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से यह कदम प्राइमरी स्तर के विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए उठाया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये शिक्षक प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों का आकलन करेंगे। इसके आधार पर वे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का मूल्यांकन करेंगे और संबंधित रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंपेंगे।
इस पहल से न सिर्फ विद्यार्थियों की कमजोरियों की पहचान हो सकेगी, बल्कि भविष्य में उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए ठोस रणनीति भी बनाई जाएगी। अभियान पूरा होने के बाद जिलेभर से सभी स्कूलों की रिपोर्ट एकत्र की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग यह निष्कर्ष निकालेगा कि जिले में कितने बच्चे निपुण हैं और किन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता है।
मंगलवार को जिले के चार खंडों के एबीआरसी व बीआरपी का प्रशिक्षण
शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को जिले के चारों खंडों के एबीआरसी और बीआरपी को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें रानियां, चोपटा, ऐलनाबाद व सिरसा के एबीआरसी व बीआरपी हिस्सा लेंगे। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम मेला ग्राउंड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रखा गया है। सुबह 10 बजे कार्यक्रम शुरू होगा जिसमें सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राइमरी स्तर के विद्यार्थियों की पढ़ाई को और मजबूत बनाना है। इस बाद बुधवार को डबवाली, बड़ागुढ़ा व ओढां खंड के बीआरपी व एबीआरसी का प्रशिक्षण होगा। ये प्रशिक्षण ओढां के पीएमश्री स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
मास्टर ट्रेनर देंगे ट्रेनिंग
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पहले एबीआरसी और बीआरपी को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद बीआरपी व एबीआरसी कलस्टर लेवल पर जिले के टीजीटी और पीजीटी शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, ताकि वे विद्यार्थियों का मूल्यांकन करने में सक्षम हो सकें।
15 सितंबर को जिलेभर के प्राइमरी स्कूलों में चलेगा मेगा अभियान
प्रशिक्षण के बाद 15 सितंबर को जिले के सभी प्राइमरी स्कूलों में मेगा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान हर विद्यालय में विद्यार्थियों का शैक्षणिक आकलन किया जाएगा। मेगा अभियान के पहले दिन, यानी 15 सितंबर को विद्यार्थियों की अंग्रेजी विषय की जांच की जाएगी। इस जांच से बच्चों की भाषा संबंधी क्षमता और स्तर का आकलन किया जाएगा। अभियान के दूसरे दिन, यानी 16 सितंबर को विद्यार्थियों की गणित विषय की जांच होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि बच्चे गणितीय अवधारणाओं को कितनी अच्छी तरह समझते हैं।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड में आज प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें एबीआरसी व बीआरपी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिर ये कलस्टर लेवल पर टीजीटी व पीजीटी को प्रशिक्षण देंगे। - डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन, सिरसा।