सिरसा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) डिंग में मंगलवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य बूटा राम के निर्देशन और डाइट प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया की देखरेख में तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत गणित, सामाजिक अध्ययन एवं विज्ञान विषय के अध्यापकों के लिए कक्षा छठी की एनईपी-2020 पर आधारित नवनिर्मित पाठ्यपुस्तकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
डाइट प्रवक्ता डाॅ. विनोद भट्टू ने बताया कि कार्यशाला के प्रथम दिवस प्रातकालीन सत्र में डाइट प्रवक्ता डाॅ. सतबीर न्योल ने उपस्थित अध्यापकों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत करवाया। प्रथम सत्र में प्रवक्ता दलीप गोदारा ने कहा कि एक अच्छा कक्षा प्रबंधन शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को सरल, सुगम, प्रभावी एवं रोचक बनाने ने मदद करता है।
दूसरे सत्र में डाइट अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डाॅ. राकेश मोहन ने कहा कि एनसीएफ-2023 विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता एवं रचनात्मकता विकसित करने के साथ साथ उनकी सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने का काम करती है। सांध्यकालीन सत्र में प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि शिक्षा में आईसीटी का उपयोग शिक्षण-प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बढ़ाने, शिक्षकों की क्षमताओं के निर्माण और छात्रों की डिजिटल साक्षरता को सुदृढ़ करने का काम कर रही है।
इस मौके पर डाइट प्रवक्ता पवन कनोजिया, डाॅ. अनिल बिश्नोई, डा. अनिल चावला, सूरज दुग्गल, नरेश नरूला, सुखपाल, सुनील, सुमित, सज्जन फौजी एवम् हरेंद्र सहित सिरसा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए विभिन्न विषयों के अध्यापकगण उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जिले के विभिन्न विद्यालयों से सामाजिक अध्ययन, गणित एवं विज्ञान विषयों के लगभग 100 अध्यापक इस तीन दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम मंगलवार से आरंभ होकर वीरवार तक चलेगा, जिसमें एससीईआरटी हरियाणा से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अध्यापकों को प्रशिक्षण देंगे। -
सुरेंद्र सिंह नूनिया, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं प्रभारी डाइट डिंग, सिरसा।