संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज में दी गई 40 प्रतिशत छूट का चार दिन में 256 लोगों ने लाभ उठाया। इन लोगों ने नगर परिषद के खजाने में प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 25.6 लाख रुपये जमा करवाए। इसके लिए मंगलवार, बुधवार, वीरवार और शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से विशेष शिविर भी लगाया गया।
बता दें कि नगर परिषद का शहरवासियों की तरफ करीब चार करोड़ से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। गत 31 जनवरी तक भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने वाले को ब्याज में छूट दी गई थी जबकि अब मार्च में भी सरकार के निर्देशों पर नगर परिषद की ओर से ऐसा ही प्रावधान किया गया। 31 मार्च तक बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने वाले लोगों को ब्याज में 40 प्रतिशत की छूट दी गई।
दरअसल, प्रॉपर्टी टैक्स नगर परिषद की आय का मुख्य जरिया है। प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी समय से न होने के कारण नगर परिषद का खजाना खाली रहता है। बड़े बकायादारों को नगर परिषद की ओर से नोटिस तक भेजे जाते हैं। अब सरकार के निर्देशों पर नगर परिषद ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी करने के लिए लगातार चार दिन तक विशेष शिविर लगाया और लोगों को इसका लाभ उठाकर प्रॉपर्टी टैक्स भरने के लिए प्रेरित किया।
जानिये... किस दिन कितने लोगों ने भरा प्रॉपर्टी टैक्स
27 मार्च को 63 लोगों ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 3.33 लाख रुपये नगर परिषद के खजाने में जमा कराए। इसी प्रकार 28 मार्च को 87 लोगों ने 7.55 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में जमा करवाए। 30 मार्च को 10 लोगों ने 3.03 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स भरा। अंतिम दिन 31 मार्च को 67 लोगों ने 6.99 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स भरा।
वर्जन::
लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी समय पर करनी चाहिए। इस कर के रूप में प्राप्त राशि का शहरी विकास कार्यों में प्रयोग किया जाता है। ब्याज में छूट माफी का कई लोगों ने लाभ उठाकर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स भरा है।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद