संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पांच वर्ष से बंद पड़ी शहर की ट्रैफिक लाइटों को नगर परिषद ने दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। शहर के डबवाली रोड स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर शुक्रवार को ट्रैफिक लाइट शुरू कर ट्रायल लिया गया। चौक पर पहले दिन अव्यवस्था देखने को मिली और वाहनों की कतार लगी रही। ट्रैफिक लाइट पर 80 सेकेंड के इंतजार के बाद मात्र 20 सेकेंड ही रोड क्रॉस करने के लिए मिले। इसमें केवल 15 वाहन ही निकल पाए। करीब 100 वाहन हर बार कतार में लगे रहे। पहले दिन ही जाम के कारण दो हादसे हो गए। इसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल भी हो गई।
शुक्रवार को पहले दिन शहर के बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर लगाई नई ट्रैफिक लाइट को शुरू कर दिया गया। कई वाहन चालकों को इस संबंध में जानकारी न होने के कारण वह सीधा ही वाहन निकालते हुए नजर आए। कई वाहन चालक यहां पर ट्रैफिक लाइट की लालबत्ती को देखकर रुकते हुए भी दिखाई दिए। डबवाली रोड पर वाहनों की आवाजाही अधिक होने के चलते यहां आंबेडकर चौक से बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक तक और दूसरी तरफ सांगवान चौक तक वाहनों की दिनभर कतार देखने को मिली। ऐसे में कई वाहन चालक परेशान होकर बाजार व गलियों से होते हुए नजर आए। दोपहर बाद यहां पर यातायात पुलिस को कमान संभालनी पड़ी और लाइट के अनुसार ही वाहनों की आवाजाही करवाने में लगे हुए दिखाई दिए। इसके बाद लाइट को बंद कर दिया गया। सुबह व दोपहर के समय यहां पर हर रोज जाम की स्थिति बनती है।
आठ से दोपहर ढाई बजे तक लिया गया ट्रैफिक लाइट का ट्रायल
शुक्रवार को सुबह आठ बजे ट्रैफिक लाइट को शुरू किया गया है। डबवाली रोड के दोनों तरफ 35-35 सेकेंड और सदर बाजार व रेलवे फाटक की तरफ का 20-20 सेकेंड का समय तय किया गया। वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते यहां पर लंबी कतार देखने को मिली। दोपहर के समय स्थिति खराब होने के बाद पुलिस की ओर से ट्रैफिक लाइट को बंद करवा दिया गया और यातायात पुलिस जवानों को तैनात कर आवाजाही सामान्य करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
शहर के चौक नजदीक होने के कारण बनी जाम की स्थिति, उपायुक्त से होगी बैठक
शहर के डबवाली रोड पर स्थित आंबेडकर चौक, बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक और सांगवान चौक की दूरी कम होने के चलते यहां पर जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में अब यातायात थाना प्रभारी इस संबंध में उपायुक्त के साथ बैठक कर इसके संबंध में जानकारी देंगे और आगे का फैसला लिया जाएगा। पुलिस की ओर से अब ट्रैफिक लाइट के समय को लेकर भी विचार किया जाएगा और समय को बढ़ाने व कम करने के बाद ही इसे शुरू किया जाएगा ।
एक दिन में हुए तीन हादसे, एक महिला गंभीर रूप से हुई घायल
ट्रैफिक लाइट शुरू होने के बाद यहां पर तीन हादसे हो गए। डबवाली रोड पर एक बाइक सवार महिला निजी बस के नीचे आ गई। इसके बाद लोगों ने शोर मचाया और बस को रुकवा लिया। हालांकि महिला के हाथ व शरीर पर चोटें लगी है। इसके बाद महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। वहीं निजी बस को थाना में पहुंचाया गया है। संबंधित थाना की ओर से अब मामले की जांच की जाएगी। इस दौरान दो नाबालिग मोटरसाइकिल चालक भी हादसे का शिकार होते होते बच गए। इसके बाद पुलिस ने उक्त दोनों मोटरसाइकिल चालकों का चालान कर दिया ।
वर्जन
ट्रैफिक लाइट का शुक्रवार को ट्रायल लिया गया है। इस दौरान कई तरह की खामियां देखने को मिली है। अब उपायुक्त के साथ बैठक कर इस पर विचार किया जाएगा। जिसके बाद ही ट्रैफिक लाइट को शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। -धर्म सिंह, यातायात थाना प्रभारी, सिरसा।