गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें।
- फोटो : Sirsa
वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से लेडी हेल्थ विजिटर के मार्गदर्शन में रविदास नगर एवं इसके साथ सटे प्रेम नगर का सर्वे शुरू करवाया गया। जिसमें एएनएम विनय कुमारी, आंगनवाड़ी वर्कर सुदेश रानी, पूजा रानी, आशा वर्कर्स सुनीता रानी, इंद्रजीत कौर, सुखवीर कौर ने टीम के साथ रविदास नगर के कंटेनमेंट जोन में आने वाले हर घर को सैनिटाइज करने के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति की घर-घर जाकर स्क्रीनिंग, थर्मल स्कैनिंग करते हुए सर्वे किया गया। उक्त टीमें सिविल सर्जन के दिशा-निर्देशानुसार कार्य कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर प्रशासन की ओर से इस क्षेत्र को सील करने के साथ-साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया और इस क्षेत्र के एंट्री प्वाइंट पर बैरीगेट्स लगाकर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। मोहल्लावासियों को सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
बता दें कि उक्त मोहल्लों में पंजाब के मोगा से बेटियों के घर आई महिला के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से रविदास नगर की गली नंबर 1, 2, 3 और 4 व प्रेम नगर की कंडुखेड़ा वाली गली को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है, जबकि रविदास नगर व प्रेम नगर के शेष क्षेत्रों के साथ लगते गोगामेड़ी और राजीव नगर को बफर जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों के सभी मकानों को सैनिटाइज किया जाएगा। एसडीएम डबवाली कंटेनमेंट और बफर जोन के ओवरऑल इंचार्ज हैं जो सभी प्रबंधों और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।