इस माह पूरा हो जाएगा निर्माण कार्य, महिलाओं व पुरुषों को होगा काफी लाभ
लघुशंका को लेकर नहीं उठानी पड़ेगी परेशानी, नगर परिषद की ओर से तीन लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है निर्माण
फोटो-19
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के बरनाला रोड पर बनाए जा रहे सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नगर परिषद की देखरेख में चल रहे इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, इस माह के अंत तक शौचालय का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त कर आम जनता के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा।
नगर परिषद की ओर से इस सार्वजनिक शौचालय के निर्माण पर करीब 3 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लंबे समय से बरनाला रोड पर सार्वजनिक शौचालय की मांग उठ रही थी। इस मार्ग पर बाजार, बस स्टैंड और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण लोगों को विशेष रूप से लघुशंका और अन्य जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था। शौचालय के अभाव में महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत होती थी।
असहज स्थिति से मिलेगी निजात
दुकानदार शुभम, हनी, दीपक व कृष्ण का कहना है कि अब तक उन्हें मजबूरी में इधर-उधर जाना पड़ता था, जिससे असहज स्थिति बन जाती थी। कई बार तो महिलाएं और बुजुर्ग लंबे समय तक अपनी जरूरत को रोकने पर मजबूर हो जाते थे। इस सार्वजनिक शौचालय के निर्माण से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
अलग-अलग खंडों में तैयार हो रहे शौचालय
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि शौचालय को महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग खंडों में तैयार किया जा रहा है। इसमें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पानी की उचित व्यवस्था, बेहतर नाली सिस्टम और साफ-सफाई के लिए आवश्यक सुविधाएं भी शामिल की जा रही हैं। साथ ही दिव्यांगजनों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश मार्ग को भी सुगम बनाया जा रहा है।
काम अंतिम चरण में
निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल टाइल्स लगाने, दरवाजे फिट करने और अंदरूनी फिनिशिंग का काम चल रहा है। बिजली और पानी की कनेक्टिविटी भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। नगर परिषद का लक्ष्य है कि शौचालय शुरू होते ही नियमित सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह लंबे समय तक उपयोगी बना रहे।