सिरसा।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेजाडेला खुर्द जिला स्तरीय युवा ग्राम पंचायत के दौरान मौज
सिरसा। गांव नेजाडेला खुर्द स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिलास्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सरपंच, ग्राम सचिव सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की भूमिका निभाकर ग्राम सभा का सजीव मंचन किया। इस दौरान उन्होंने नेतृत्व कौशल को दिखाया।
कार्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नेतृत्व कौशल से अवगत कराना था। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं और 11वीं के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांव से जुड़ी प्रमुख समस्याओं, जैसे शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगवाना, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
ग्राम सभा में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा
ग्राम सभा में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, और अंत में आम सहमति से निर्णय भी लिए गए। विद्यार्थियों ने यह प्रदर्शित किया कि पंचायत स्तर पर चर्चा, प्रस्ताव और सहमति के माध्यम से समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जाता है। प्रतियोगिता की तैयारी इतिहास प्राध्यापिका कुमारी विद्या और राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता हरीश सिंगला के मार्गदर्शन में की गई थी, जिनके सहयोग से विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी भूमिकाओं को प्रभावी ढंग से निभाया। कार्यक्रम में छात्रा आरशी ने सरपंच की भूमिका निभाते हुए ग्राम सभा का संचालन किया, जबकि निशु ने ग्राम सचिव की भूमिका अदा की। पर्यवेक्षक के रूप में राजनीति विज्ञान प्रवक्ता जगदीश चंद्र बराच उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता हेमराज और सुरेश शर्मा शामिल थे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करती हैं। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।
-
इस प्रकार की प्रतियोगिताएं शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद और प्रशासनिक कौशल को विकसित करने में सहायक होती हैं। समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए। -
राम निवास शर्मा, प्राचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नेजाडेला खुर्द।