सिरसा। राजकीय नेशनल कॉलेज में 10 साल पहले तक प्रवेश के लिए लंबी लाइनें देखने को मिलती थी। वक्त बदलने के साथ छात्रों की रुचि भी बदल रही है। आलम यह है कि दाखिले के दो दिन बचे हैं और राजकीय कॉलेज की बीए संकाय के सायंकालीन सत्र को लेकर छात्र रुचि नहीं दिखा रहे हैं। सायंकालीन बीए संकाय की 240 सीटों के लिए महज छह ही आवेदन आए हैं। अर्थशास्त्र की 40 सीटों पर 15 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। जो कॉलेज प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं नेशनल कॉलेज की बीबीए की 40 सीटों के लिए 124 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
बता दें कि शहर के राजकीय कॉलेजों और राजकीय महिला कॉलेज में विद्यार्थियों के आवेदन करने की स्थिति ज्यादा बेहतर नहीं है। भले ही राजकीय महिला कॉलेज में छात्राओं के आवेदन कुछ ज्यादा आए हैं लेकिन पूर्व की तुलना में ज्यादा नहीं है। ऐसे में दोनों कॉलेजों को विद्यार्थियों को दाखिले के लिए जागरूक करना होगा। जानकारी के अनुसार राजकीय नेशनल व महिला महाविद्यालय में अब तक 2,865 ऑनलाइन आवेदन आ चुके हैं। जबकि दोनों में कुल 3,170 सीटें हैं। राजकीय नेशनल कॉलेज में 160 सीटों पर 1752 ऑनलाइन आवेदन आए हैं, तो राजकीय महिला कॉलेज में 1010 सीटों के लिए कुल 1113 आवेदन आए हैं।
ये आए हैं आवेदन
राजकीय महिला कॉलेज
कोर्स का नाम, सीटों की संख्या, आवेदन
- बीए, 510, 663
- बीबीए, 40, 47
- बीकॉम, 160, 161
- बीसीए, 60, 79
- लाइफ साइंस, 80, 73
- फिजिकल साइंस, 160, 90
राजकीय नेशनल महाविद्यालय
कोर्स का नाम, सीटों की संख्या, आवेदन
- बीए, 1120, 1077
- बीए इवनिंग, 240, 6
- बीए इकोनॉमिक्स, 40, 15
- बीबीए, 40, 124
- बीकॉम, 240, 250
- लाइफ साइंस, 160, 116
- फिजिकल साइंस, 320, 164
-
ये रहेगा दाखिले का शेड्यूल
ऑनलाइन आवेदन - 30 जून
आवेदन में एडिटिंग - 30 जून
दस्तावेजों की कॉलेज द्वारा जांच - 30 जून
पहली मेरिट सूची प्रोविजनल - 2 जुलाई
पहली फाइनल मेरिट सूची - 3 जुलाई
फीस जमा - 4 जुलाई से 8 जुलाई
दूसरी मेरिट सूची प्रोविजनल - 9 जुलाई
दूसरी फाइनल मेरिट सूची - 10 जुलाई
फीस जमा - 10 जुलाई से 12 जुलाई
-
राजकीय नेशनल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। अब तक कॉलेज में 1,752 आवेदन आ चुके हैं। महाविद्यालय में 2160 सीटों पर दाखिले होने हैं। - वीना रहेजा, नोडल अधिकारी दाखिला, राजकीय नेशनल कॉलेज सिरसा।
-
राजकीय महिला महाविद्यालय में 30 जून तक दाखिला प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय में अब तक 1010 सीटों पर 1113 आवेदन आए हैं। छात्राओं को कॉलेज में दाखिला लेने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है। - प्रदीप कुमार, नोडल अधिकारी दाखिला, राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा।