सिरसा। सीडीएलयू के बाहर चाय पी रहे छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में छात्र घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कुम्हारिया निवासी प्रहलाद सिंह ने बताया कि वह चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में बीएसई द्वितीय वर्ष का छात्र है। बुधवार दोपहर सवा 12 बजे वह अपने दोस्त पन्नीवाला मोटा निवासी मनीष व निशांत के साथ सीडीएलयू के बाहर चाय पी रहा था। इस दौरान बीएसई तृतीय वर्ष का छात्र नेजिया खेड़ा निवासी विश्वजीत व बीएसई द्वितीय वर्ष का छात्र परमजीत सिंह वहां पर पहुंचे। इनके पास तेजधार हथियार थे। दोनों ने आते ही उस पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया।
उसके दोस्त निशांत और मनीष ने उसका बचाव किया। इसके बाद दोनों हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उसके दोस्तो ने उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। सिर में ज्यादा चोट लगने के कारण दोस्त उसे निजी अस्पताल में ले आए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।