जानकारी देते वाइस चेयरमैन विद्यासागर बाघला।
- फोटो : Sirsa
ओढां। सरकार ने गो-रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिसके तहत अब पूरे हरियाणा के हर जिले में गो-रक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन किया जाएगा। इस फैसले को लेकर सूचना जारी कर दी गई है। हरियाणा गोसेवा आयोग के वाइस चेयरमैन विद्यासागर बाघला शनिवार को गांव बनवाला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शिरकत करने आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने बातचीत में बताया कि गोवंश की तस्करी को रोकने के लिए आयोग की तरफ से सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही थी।
टास्क फोर्स गठित करने का मुख्य उद्देश्य गोवंश की तस्करी व उन पर बढ़ रहे अत्याचारों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने बताया कि इस विषय में सरकार के साथ गोसेवा आयोग की बैठक आयोजित हुई। जिसके बाद इस पर स्वीकृति की मुहर लग गई। हालांकि इस बारे नवंबर 2020 में फैसला लिया गया था, लेकिन अब इसे स्वीकृति मिलते ही नोटिफिकेशन जारी हो गया है। इसके जारी होने के बाद अब टास्क फोर्स का गठन शुरू कर दिया गया है। जिसके तहत जिला स्तर पर 11 सदस्यीय स्पेशल एसटीएफ का गठन किया जाएगा। इस फोर्स में सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य शामिल होंगे। जिनमें पुलिस, पशुपालन, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारी, गोसेवा आयोग, गो-रक्षक समितियों के सदस्य व 5 गो सेवक शामिल किए जाएंगे।