सिरसा। शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में एथलीट की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। खेल स्टेडियम में अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ट्रैक बिछाया जाएगा। स्टेडियम में 11 करोड़ की लागत से आठ लाइनों का 400 मीटर लंबा ट्रैक तैयार किया जाएगा। इसके लिए खेल विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है।
शहर के बरनाला रोड पर स्थित शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम जिले का सबसे बड़ा स्टेडियम है। यहां पर शहर के साथ-साथ गांवों के खिलाड़ी भी प्रैक्टिस करने के लिए पहुंचते हैं। खेल स्टेडियम में हर रोज 500 से अधिक युवा एथलीट, फौज की भर्ती, पुलिस की भर्ती की तैयारी करने के साथ अन्य खेलों की तैयारी करने के लिए भी पहुंचते हैं। स्टेडियम में दौड़ लगाने के लिए किसी तरह की व्यवस्था और ट्रैक न होने के कारण खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में खिलाडी़ यहां अभ्यास भी नहीं कर पाते। इसके चलते अब विभाग ने यहां पर सिंथेटिक एथलीट ट्रैक बनाए जाने का निर्णय लिया है। जिला खेल विभाग ने एथलीट ट्रैक का प्रपोजल तैयार कर पंचकूला स्थित खेल विभाग कार्यालय भेजा है।
फौज और पुलिस की भर्ती के दौरान बढ़ती है युवाओं की संख्या
फौज और पुलिस की भर्ती शुरू होने के दौरान खेल स्टेडियम में दिनभर युवा तैयारी करने के लिए प्रैक्टिस करने पहुंचते हैं। आठ लाइन का ट्रैक तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को यहां पर दौड़ लगाने में आसानी होगी। बारिश के दिनों में भी यहां पर जलभराव जैसी समस्या नहीं होगी।
रबड़ से तैयार होगा ट्रैक, दौड़ के दौरान चोट लगने का नहीं होगा खतरा
खेल स्टेडियम में एथलीट सहित अन्य खेलों की प्रैक्टिस करने के लिए पहुंचने वाले खिलाड़ी लंबे समय से एथलीट ट्रैक बिछाए जाने की मांग उठा रहे हैं। विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में जगह भी उपलब्ध है। खेल स्टेडियम स्थित बड़े ग्राउंड के चारों तरफ ट्रैक बिछाया जाएगा। सामान्य ट्रैक पर दौड़ लगाते समय पैर मुड़ने व गिरने के बाद चोट लगने का खतरा बना रहता है। रबड़ से तैयार होने वाले सिंथेटिक ट्रैक से खिलाड़ियों को चोट लगने और पैर मुड़ने का खतरा भी नहीं होगा। पूरा ट्रैक रबड़ के छोटे-छोटे कणों से तैयार होगा। इस पर 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, स्टीपल चेस 3000 मीटर, बाधा दौड़ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों का भी आयोजन किया जा सकेगा।
वर्जन
खेल स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। आठ लाइन का 400 मीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाना है। इसके लिए प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय में भेजा गया है। मुख्यालय की ओर से अब आगे की प्रक्रिया की जानी है। ट्रैक तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को इसका काफी लाभ मिलेगा। - शमशेर सिंह, जिला खेल अधिकारी, सिरसा।