सिरसा। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान तेजी से जारी है। एसपी दीपक सहारन के 24 अक्तूबर को ज्वाइन करने के बाद से जिले में नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि अपराधी चाहे कहीं भी छिप जाएं, सिरसा पुलिस उन्हें ढूंढ निकाल कर जेल की सलाखों के पीछे भेजेगी।
पुलिस ने एक माह के दौरान 59 मामलों में 88 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 106 किलो 228 ग्राम डोडा व चूरा पोस्त, 662 ग्राम 233 मिलीग्राम हेरोइन, 7 किलो 257 ग्राम अफीम, 29 किलो 140 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की गई। सिरसा पुलिस ने शराब तस्करों और अवैध शराब संचालकों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 3 मामले दर्ज कर तीन लोगों को जेल भेजा गया।
अवैध हथियारों के मामले में तीन लोगों को काबू किया गया और उनसे 4 अवैध पिस्तौल तथा 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस को तुरंत दें।