ओढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की बैठक के बाद गांव में पैदल गश्त करते एसपी सिद्धांत जैन।
ओढां। डबवाली के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने ओढां थाना का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी व्यवस्था बारे जानकारी लेने के साथ-साथ थाना का रिकॉर्ड चेक किया और थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों की बैठक लेते हुए उन्हें उचित दिशा-निर्देश दिए।
बैठक उपरांत एसपी सिद्धांत जैन ने ओढां गांव में पैदल गश्त की और ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अपराध पर रोकथाम के लिए नई रणनीतियों पर चर्चा करना और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना रहा। एसपी ने बैठक में मौजूद सभी पुलिस कर्मचारियों से पूरे कामकाज बारे विस्तृत जानकारी लेते हुए विभिन्न लंबित मामलों व शिकायतों को जल्द से जल्द सुलझाने के निर्देश दिए।
वहीं उन्होंने पॉक्सो जैसे संवेदनशील मामलों बारे कहा कि ऐसे मामले को प्राथमिकता देते हुए अपराधी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। वहीं नशा व अवैध हथियारों की तस्करी को लेकर विशेष रूप से प्लान तैयार कर अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास करें। संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाएं। शिकायतकर्ता के साथ अच्छा व्यवहार रखें और उसकी फरियाद सुन कार्रवाई सुनिश्चित करें।
वहीं उन्होंने सभी राइडर व पीसीआर इंचार्ज को सतर्क रहने और रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। बैठक के साथ-साथ एसपी ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के रहन-सहन व मैस आदि की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।