सिरसा। चोपटा क्षेत्र में एक महिला के प्रेमी ने उसके बेटों पर जानलेवा हमला करने और जान से धमकी देने के आरोप लगाए। प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शाहपुरिया निवासी शंकर लाल उर्फ गोरिया ने बताया कि वह ट्रैक्टर लोडर चलाने का काम करता है। वह दो भाई हैं और बड़े भाई का नाम सुनील है। 27 फरवरी 2024 से रामपुरा बगड़िया निवासी माया देवी पत्नी धर्मपाल के साथ सहमति संबंध में रह रही है। इसी बात से नाराज माया देवी का बेटा प्रदीप व उसका भाई कालू निवासी डुडियावाली उससे रंजिश रखते हैं।
सात जून को वह लोडर ट्रैक्टर को लेकर कागदाना निवासी रणबीर के पास करवाने के लिए आया हुआ था। तभी मोटरसाइकिल पर सवाल होकर प्रदीप व कालू आए। उनके हाथों में तेजधार हथियार थे। उन्होंने आते ही मारपीट शुरू कर दी ओर कमर व हाथों पर तेजधार हथियारों से वार किया। ऐसे में शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए और रणबीर ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इसके बाद मोटरसाइकिल पर जाते हुए प्रदीप व कालू ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसे चोपटा के सीएचसी में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरसा भेज दिया गया।