नवीकरण ऊर्जा विभाग द्वारा जिले में सोलर पंप लगाने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। विभाग के पास जिले में पहले फेस में 3150 सोलर पंप लगाने का लक्ष्य था लेकिन विभाग के पास 11 हजार किसानों ने सोलर पंप लगवाने के लिए आवेदन किया है। जिसके साथ ही हरियाणा में सिरसा जिले के सबसे अधिक किसानों ने सोलर पंप लगवाने के लिए आवेदन किया है।
बता दें कि जिले के किसानों को बिजली की समस्या से छुटकारा दिलवाकर पानी की समस्या को हल करने के लिए नवीकरण ऊर्जा विभाग ने जिले में सोलर पंप लगाने को लेकर तेजी से कार्य कर रही है। विभाग द्वारा जिले में सोलर पंप लगाने के लिए पहले फेस में 3150 का लक्ष्य रखा गया था। सोलर पंप लगवाने के लिए जिले के 11 हजार किसानों ने आवेदन किया है। पहले फेस में किसानों सोलर पंप की राशि का ड्राफ्ट विभाग को जमा करवा रहे हैं। सोलर पंप के कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए विभाग एजेंसियों को सूची जारी कर किसानों का सर्वे करवा सोलर पंप लगवाने की प्रक्रिया को पूरा कर रहा है। पहले फेस के अंतर्गत अब तक 450 सोलर पंप लगाए जा चुके है और बाकी सोलर पंप सेट के लिए ऑर्डर दिए जा चुके हैं।
सोलर पंप लगते ही चिप होगी एक्टिव
जिले के किसानों के लिए 3 हॉर्सपावर, 5 हॉर्सपावर, 7.5 हॉर्सपावर व 10 हॉर्सपावर के सोलर पंप लगाने के लिए कंपनियां सर्वे कर पंप सैट लगा रही है। इस बार लगने वाले सोलर पंप में खास बात यह रहेगी कि पंप सेट लगते ही सोलर पंप में लगी चिप एक्टिव हो जाएगी। चिप विभाग के कुसुम पोर्टल से जुड़ी होगी जो किसान द्वारा सोलर पंप कितना चला है, सोलर पंप कितना पानी निकाले जाने की पूरी जानकारी विभाग के पोर्टल पर अपडेट देगा। साथ ही अगर किसान द्वारा सोलर मोटर से छेड़छाड़ की जाए या यह फिर स्थान को परिवर्तन किया जाए तो इसकी जानकारी भी चिप के माध्यम से विभाग के पास पहुंचेगी।
सोलर पंप में डीसी पंप की आउट पुट अधिक
विभाग की ओर से लगाएं जाने वाले सोलर पंप में एसी व डीसी पंप आते हैं। सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदन कर रहे किसान एसी पंप अधिक लगवाते हैं ताकि रिपेयर व पानी अधिक आए। लेकिन पानी व कम रखरखाव के मामले में डीसी पंप अधिक बेहतर है। उन्होंने बताया कि एसी व डीसी पंप के आंकड़े जब जांचे गए तो पाया गया कि डीसी पंप सूर्य उदय होने के साथ ही शुरू हो जाता है, जबकि एसी पंप लेट शुरू होता है। वहीं पानी निकालने की औसत भी डीसी पंप की अधिक है।
ऑनलाइन हो रहा है सर्वे, विभागीय अधिकारी रखेंगे नजर
विभाग द्वारा जिले में लगाए जाने वाले सोलर पंप का सर्वे के लिए कंपनियों के पास उपभोक्ता का डाटा भेजा जाता है। जिसके बाद कंपनी के कर्मचारी किसान के खेतों में पहुंचकर सोलर पंप लगवाने वाले निर्धारित स्थान की फोटो पोर्टल पर अपलोड करते हैं जिसके साथ ही उस स्थान के कोडिनेट भी पोर्टल पर अपलोड हो जाते हैं। कुसुम पोर्टल पर जिले के सभी उपभोक्ताओं के सोलर पंप की जानकारी अपलोड होती है।
कोट्स
जिले में सोलर पंप लगाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। पहले फेस में 3150 सोलर पंप लगाएं जाने हैं। अब तक 450 सोलर पंप को लगा दिया गया है।
-मनोज जैन, सहायक परियोजना अधिकारी, नवीकरण ऊर्जा विभाग सिरसा।