सिरसा। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हिरासत से आरोपी तस्कर मंगलवार को फरार हो गया। जब एचएनसीबी की टीम आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जा रहा थी तब वह फरार हुआ। आरोपी के खिलाफ एचएनसीबी के एएसआई अशोक कुमार की शिकायत पर शहर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। एचएनसीबी का कहना है कि जल्द ही फरार हुए आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
एचएनसीबी की टीम ने 3 जून को सांगवान चौक से भगत सिंह कॉलोनी बरनाला रोड सिरसा निवासी विक्की कुमार को करीब 3400 नशे की गोलियों से सहित गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को शहर थाना सिरसा के हवालात में रखा गया था। मंगलवार को एचएनसीबी के एएसआई अशोक कुमार व ईएसआई कृष्ण लाल आरोपी विक्की को सरकारी गाड़ी में सवार होकर कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान पुराने सिटी थाने के पास गाड़ी रोकी।
एएसआई अशोक कुमार का कहना है कि पुराने सिटी थाने में मालखाना है। यहां से माल मुकदमा और आरसी लेनी थी। अशोक कुमार का कहना है कि वह जैसे ही मालखाने में गया तो पीछे से आरोपी विक्की ने ईएसआई कृष्ण लाल को धक्का दिया और हाथ छुड़ाकर पालिका बाजार की ओर भागने लगा। उसका पीछा किया गया, लेकिन आरोपी तंग गलियों का फायदा उठाकर चकमा देकर भाग गया। इसके बाद घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई और आरोपी की तलाश के लिए वीटी करवाई। जांच अधिकारी एसआई चरनजीत सिंह का कहना है कि एचएनसीबी के एएसआई अशोक कुमार की शिकायत पर आरोपी विक्की के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।