नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव जलालआना से 5 लोगों को काबू किया है। आरोपियों के पास से 6 किलो 500 ग्राम अफीम, एक लाख 68 हजार रुपये की नकदी और दो कारें बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ ओढां थाना में केस दर्ज करवाया गया है। आरोपियों की पहचान सुखपाल सिंह निवासी कालांवाली, तेजपाल व गोरी शंकर निवासी पाछुंदा जिला चितौड़गढ़, सोनू निवासी जोनू बेगू जिला चितौड़गढ़ व कन्हैया उर्फ कान्हा निवासी राजपुरिया नीमच मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा के सहायक उप-निरीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ओढां क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कार सवार कुछ लोग राजस्थान क्षेत्र से अफीम की बड़ी खेप ओढां क्षेत्र में किसी को सप्लाई देने वाले हैं। सीआईए ने कार्रवाई कर तेजपाल, सोनू, गोरी शंकर, कन्हैया व खरीददार सुखपाल मौके से अफीम, नकदी व दो गाड़ियों सहित काबू कर लिया। बरामद अफीम की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया जाएगा।