सेक्टर 19 में महिला और मौजूखेड़ा में मिले किशोर के शव की गुत्थी सुलझाने के मामले में पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लग पा रही है। पुलिस विभाग द्वारा मजिस्ट्रेट से आदेश जारी करवाकर चंडीगढ़ से भी टीम बुलाई जा सकती है। समय पूरा होने के बाद भी पुलिस ने शव का अब पोस्टमार्टम नहीं करवाने के आदेश ले लिए हैं। महिला और किशोर के शव को सिविल अस्पताल में रखवाए हुए पूरे तीन दिन हो गए हैं। कानून रूप से पुलिस लावारिस शव का 72 घंटे तक इंतजार करती है और अगर कोई शनाख्त नहीं हो पाती तो उसका पोस्टमार्टम करवा देती है। लेकिन इस केस में पुलिस को यह अंदेशा है कि दोनों का कत्ल हुआ है। पुलिस ने 72 घंटे पूरे होने के बाद भी नहीं करवाया शव का पोस्टमार्टम। जानकारी के अनुसार प्रशासन से समय लिया है कि वह जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक शव का पोस्टमार्टम ना करवाया जाए।
मंगलवार को पुलिस ने शहर के एक सुनार को बुलाकर मृतक महिला से प्राप्त हुई कानों की बालियों की जांच करवाई। जिसमें सुनार ने बताया कि महिला ने जो बालियां डाली हुई थी वह आर्टिफिशयल हैं। इसकी किसी भी तरह से जांच नहीं की जा सकती है। क्योंकि पुलिस को शक था कि यह जो बालियां है वह सोने की है और सुनार बता सकता है कि यह कहां से बनवाई गई है। लेकिन पुलिस को इसमें भी निराशा ही हाथ लगी।
चंडीगढ़ से बुलाई जा सकती है टीम
सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने आशंका जताई कि मंगलवार शाम तक मजिस्ट्रेट से आदेश पाकर चंडीगढ़ से भी एक टीम बुलाई जा सकती है जो महिला और बच्चे का फिंगरप्रिंट की पूरी डिटेल ऑनलाइन निकाल सकती है। जानकारी के मुताबिक आदेश मिलने के बाद बुधवार सुबह ही सिरसा पुलिस टीम को लेने चंडीगढ़ के लिए निकल जाएगी।
पंजाब क्षेत्र के लोगों से करवाई शनाख्त
पंजाब के रोपड क्षेत्र में बीते दिन एक मामला दर्ज हुआ कि एक महिला और बच्चा गायब है। जैसे ही सिरसा पुलिस को इसकी जानकारी हुई, सिरसा पुलिस ने उस परिवार से तुरंत संपर्क किया और पूरी जानकारी बताई। परिवार को पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से फोटो भी भेजे, लेकिन परिवार के लोगों ने साफ मना कर दिया कि वह इनको नहीं जानते हैं। सिरसा की पुलिस और सीआईए की टीम हरियाणा और पंजाब में तीन दिनों से ऐसे परिवार और केस की तलाश कर रही है जो इनसे संबंध रखता हो।
आमजन का सहयोग लेने में जुटी पुलिस
मृतक बच्चे के शव की शनाख्त के लिए डिंग थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने आमजन से सहयोग की अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति बच्चे के बारे में जानता है, तो तुरंत 88140-11615 नंबर पर डिंग थाना पुलिस को सूचित करें। शव को शनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा में रखा गया है। इधर पुलिस बच्चे की शनाख्त के लिए व्हॉट्सएप्प के माध्यम से जिला सिरसा सहित हरियाणा, पंजाब व राजस्थान पुलिस से भी संपर्क साध रही है, ताकि बच्चे की पहचान हो पाए और मामले की गुत्थी सुलझ पाए।