ऐलनाबाद। धोलपालिया से मसीता रोड पर गश्त के दौरान मौजूद राज्य नारकोटिक्स ब्यूरो यूनिट सिरसा की टीम पर डोडा पोस्त लेकर आ रहे तस्करों ने जीप चढ़ाने की कोशिश की। यही नहीं पीछा करने पर पुलिस पार्टी पर फायर भी किया। लेकिन गोली गाड़ी के बोनट पर जाकर लगी। पुलिस पार्टी की ओर से जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने बाद में जीप सवार दोनों तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से 5 किलो सौ ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप व मखन सिंह निवासी मेहरवाला, थाना तलवाड़ा के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार हरियाणा राज्य नारकोटिक्स ब्यूरो यूनिट सिरसा की टीम मंगलवार रात्रि को धोलपालिया से मसीता रोड पर गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान मसीता हेड की ओर से पुलिस पार्टी को एक जीप आती दिखाई दी। पुलिस पार्टी ने जैसे ही जीप चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने जीप पुलिस पार्टी पर चढ़ाने की कोशिश की और पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दौरान पुलिस पार्टी ने घेरा डालकर जीप सवार तस्करों को पकड़ने की कोशिश की तो एक बदमाश ने कट्टे से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली पुलिस कर्मचारियों को न लगकर गाड़ी के बोनट पर जा लगी। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों से दोनों की हाथापाई भी हो गई। हाथापाई में पुलिस कर्मी के सरकारी पिस्तौल से फायरिंग हो गई। गोली आरोपी संदीप के कूल्हे पर जाकर लगी, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद टीम के सदस्यों ने दूसरे तस्कर को काबू कर संदीप को अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। जब जीप की तलाशी ली तो पिछली सीट पर मिले प्लास्टिक के कट्टे में 5 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन--
घायल को अग्रोहा रेफर किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- राधेश्याम शर्मा, एसएचओ, ऐलनाबाद।