संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। उठान कार्य धीमा होने के कारण जिले की अनाज मंडियां व खरीद केंद्र गेहूं से अटे पड़े हैं। स्थिति यह है कि 64 अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में से सिर्फ 32 में ही उठान शुरू हो पाया है। ऐसे में अव्यवस्था की सूचना मिलने पर बुधवार को उपायुक्त पार्थ गुप्ता फील्ड में उतरे। इस दौरान उन्होंने सिरसा अनाज मंडी में टोकन काटने, तौल के कार्य, उपज में नमी की जांच व उठान की स्थिति जांची। उठान कम होने के चलते उपायुक्त अधिकारियों से नाराज होते हुए भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि उठान कार्य में किसी भी प्रकार का कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सिरसा सहित अन्य मंडियों में अधिक से अधिक ट्रक लगाने को लेकर ठेकेदारों को सख्त आदेश दिए हैं।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बुधवार को अनाज मंडी के दौरे के शुरुआत में सबसे पहले गेट पास प्रक्रिया को जांचा। इसके लिए वे गेट पास रूम में गए और वहां ऑपरेटर से गेट पास जारी करने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि गेट पास में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। यदि पोर्टल पर किसान को सूचना प्रदर्शित नहीं हो रही है, तो दूरभाष पर किसान को सूचित किया जाए। इस दौरान एक किसान ने उपायुक्त के समक्ष पोर्टल पर उसका डाटा वेरिफाई न होने की जानकारी दी। इसके बाद उपायुक्त ने मार्केट कमेटी सचिव से समाधान करने के निर्देश दिए और खुद भी चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ संपर्क साधने का आश्वासन दिया। इसके बाद उपायुक्त ने गेहूं की ढेरी पर जाकर नमी मापक यंत्र से गेहूं की नमी की जांच की। इसके बाद मंडी में देरी से उठान को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों से जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदारों के पास पर्याप्त मात्रा में ट्रकों की संख्या नहीं है। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि गेहूं का उठान कार्य तेजी से हो और किसानों को कोई परेशानी न हो। इसके लिए जहां ट्रकों को फिजिकली वेरिफाई किया गया है। कोताही बरतने वाले ठेकेदार को नोटिस भी दिया है। इन्हें लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उठान कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदार को निर्देश दिए है कि आवश्यकता अनुसार ट्रक भिजवाना सुनिश्चित करें।
अभी एससीआई के कुछ गोदामों पर ही गेहूं रखने की प्रक्रिया शुरू हो पाई है। वहीं यह भी सामने आया कि एफसीआई के छह गोदामों का अभी लेबर से अनुबंध नहीं हो पाया है। ऐसे में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द ही अनुबंध करवाने के निर्देश देकर सभी गोदामों के में गेहूं उतरवाने का कार्य शुरू करने को कहा। एफसीआई के गोदामों में अभी 60 हजार एमटी की गेहूं पहुंच पाया है। इसके बाद उन्होंने गेहूं की तुलवाई करवाकर कांटे का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीए राजेंद्र कुमार, डीएमईओ चरण सिंह गिल, डीएफएससी कप्तान सिंह व डीएम हैफेड मांगे राम , मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र मेहता उपस्थित रहे।
दो दिनों में उठान में आई तेजी, और देंगे गति : उपायुक्त
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिला की मंडियों से अब तक 65 हजार मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है। पिछले दो दिनों में उठान कार्य में तेजी आई है। पिछले दो दिनों से 20 से 24 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन गेहूं का उठान हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास इसे बढ़ाकर 30 से 35 हजार मीट्रिक टन तक ले जाने का है, ताकि मंडियों में आई गेहूं की आवक को कवर करते हुए आवक अनुसार गेहूं का उठान हो सके। मंडियों में अब तक 2 लाख 65 हजार एमटी की आवक हुई है।
आढ़ती प्रधान बोले- पहले नजदीकी गोदाम भरे जाएं, ताकि ट्रक जल्द हो खाली
इस दौरान आढ़ती एसोसिएशन प्रधान मनोहर मेहता ने उपायुक्त के समक्ष मंडी में उठान को लेकर देरी होने की बात कही। मंडियों में उठान के लिए 80 ट्रक लगाने की मांग की है। मनोहर मेहता ने कहा कि दो दिन पहले ठेकेदार को ट्रक बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन बुधवार को ट्रक बढ़ पाए हैं। मंडी में अभी भी काफी मात्रा में उठान लंबित पड़ा है। मंडी में अभी 60 ट्रकों को लगाकर उठान का काम करवाया जा रहा है। मनोहर मेहता ने कहा कि बप्पा मंडी के नजदीक गांव ढाबा में एफसीआई का गोदाम है। यहां से गेहूं उठाकर धिंगतानियां गोदाम में लाया जा रहा है। पहले नजदीकी गोदाम को भरकर बाद भी दूसरे गोदाम में काम शुरू किया जाना चाहिए। इससे ट्रक भी जल्दी ही खाली हो जाएंगे। उन्होंने कहा सीधे तौर पर ही इस तरह की गड़बड़ी की जा रही है। इसके बाद उपायुक्त ने एफसीआई अधिकारियों से बातचीत किए जाने का आश्वासन दिया है।