डबवाली में पकड़े गए आरोपियों के साथ पुलिस टीम।
कालांवाली,सिरसा। सीआईए कालांवाली ने लूट व धोखाधड़ी के मामले में छह आरोपियों को काबू किया है। सभी आरोपी आपराधिक मामलों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। एक आरोपी पर हत्या करने, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट सहित कुल 15 मामले दर्ज हैं।
21 अक्तूबर को गैंस सिलिंडर गाड़ी चालक से हुई लूट के मामले में सीआईए कालांवाली ने तीन आरोपियों को काबू किया है। कालांवाली सीआईए इंचार्ज राजपाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ दीप निवासी रोड़ी, हरजिंद्र सिंह व लाभ सिंह उर्फ पवला निवासी जस्सी पोवाली जिला बठिंडा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांव खतरावा के नजदीक गैस सिलिंडर गाड़ी चालक से 32 हजार रुपये व मोबाइल लूटने की वारदात को स्वीकार किया है। राजपाल ने बताया कि आरोपी अमनदीप उर्फ दीप सिंह के खिलाफ पंजाब के सरदूलगढ़ में हत्या करने, हत्या की कोशिश करने, लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अवैध हथियार रखने के करीब 15 अभियोग दर्ज हैं। आरोपी हरजिंद्र सिंह के खिलाफ लूट, स्नैचिंग व चोरी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी लाभ सिंह का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
पेट्रोल डलवाकर नकली कार्ड थमाने के तीन आरोपी भी काबू
17 अक्तूबर को नौरंग पेट्रोप पंप से कार की टंकी फूल करवा कर नकली कार्ड थमाने मामले में सीआईए कालांवाली ने तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान बरजिंद्र सिंह, मनप्रीत सिंह निवासी गांव रामसरा बठिंडा तथा मनजिंद्र सिंह निवासी गांव फुलो सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने स्कोडा को भी बरामद कर लिया है।