गांव रत्ताखेड़ा की पंचायत ने गांव के ग्राम सचिवालय में लाइब्रेरी और वाई-फाई सिस्टम का शुभारंभ किया। ग्राम सरपंच अनिल कालवा ने बताया कि उनके गांव में लाइब्रेरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए डिजिटल इंडिया अभियान के तहत वाई-फाई सिस्टम स्थापित होने से ग्रामीण जहां विभिन्न प्रकार के साहित्य का पाठन कर सकेंगे तो वहीं वाई-फाई सिस्टम से पूरा गांव डिजिटल मुहिम से जुड़ गया है।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी के संग्राहलय में एक हजार विभिन्न पुस्तकें रखी गई हैं। जिससे गांव के लोग जिसमें खासकर युवा पीढ़ी का साहित्य पाठन में काफी रुझान देखने को मिल रहा है। उधर बुधवार को गांव को वाई-फाई सिस्टम से जोड़ दिया गया है। इस मौके पर ग्राम सरपंच और अन्य लोगों ने प्रथम रूप में अपने मोबाइल में इंटरनेट सेवा चलाकर सिस्टम देखा।
वाई-फाई से जुड़ने और लाइब्रेरी के स्थापित होने के बाद ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के प्रयासों की सरहना करते हुए कहा कि लाइब्रेरी के खुलने से लोग वीर योद्धाओं की गाथाओं एवं संत महा पुरुषों के प्रवचन पढ़कर ज्ञान वर्धन भी कर सकेंगे। तो वहीं इंटरनेट के माध्यम से हर व्यक्ति घर बैठे अपने मोबाइल फोन पर दुनिया भर की जानकारी हासिल कर सकता है। ग्राम सरपंच अनिल कालवा ने बताया कि उनका प्रयास है कि गांव में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया जाए।