सिरसा। जेल की सुरक्षा के लिए जेल प्रशासन को पुलिस विभाग से उधार में हथियार लेने पड़े हैं। वीरवार को पुलिसप्रशासन की तरफ से पुलिस लाइन से 10 आधुनिक हथियार जेल प्रशासन को दिए गए। सुबह से लेकर शाम तक जेल के पहरियों को आधुनिक हथियार को चलाने की ट्रेनिंग दी गई। इसके बाद पहरियों ने दूसरे विश्व युद्ध की थ्री नॉट थ्री राइफल शस्त्रागार में जमा करवाकर कार्बाइन व एसएलआर राइफल हाथों में थाम ली। जेल अधीक्षक अमित भादू का कहना है कि जेल प्रशासन के पास एक भी आधुनिक हथियार नहीं था। थ्री नॉट थ्री के सहारे जेल की सुरक्षा बिलकुल सुनिश्चित थी। ऐसे में स्थानीय पुलिस प्रशासन से आधुनिक हथियार लिए गए हैं। जेल विभाग जब आधुनिक ऑटोमेटिक हथियार अलॉट कर देगा तो पुलिस को उनके हथियार वापिस दिए जाएंगे। पुलिस विभाग की तरफ जेल कर्मचारियों को कार्बाइन, एसएलआर
राइफल चलाने का प्रशिक्षण दिया गया है। इन हथियारों से जेल कर्मचारी हर स्थिति का मुकाबला कर सकेंगे। जेल की सुरक्षा के लिए हर प्रकार के ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।