डबवाली। रविवार को बारातियों की एक कार पलट जाने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को भाई घनईया जी सेवा सोसायटी की एंबुलेंस ने डबवाली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
मृतक की पहचान गांव ढाबां (संगरिया) निवासी पप्पी सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचाराधीन गांव भगतपुरा (संगरिया) गुरदीप सिंह ने बताया कि वे लोग बठिंडा से वापस आ रहे थे। कार को वह स्वयं चला रहा था। उसका पिता बलकरण सिंह, रिश्तेदार रणदीप सिंह तथा पप्पी सिंह भी कार में सवार थे। मालवा बाइपास रोड पर एक ट्रक किसी वाहन को ओवरटेक कर रहा था। चालक ने ट्रक उनकी गाड़ी की ओर कर लिया। उससे बचते हुए उसने गाड़ी कच्चे में उतार दी। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार पप्पी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल में ले जाया गया।
इधर रविवार को गांव घुमियारा के नजदीक हुए सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी तथा निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार गांव घुमियारा निवासी राजइंद्र सिंह, तेज कौर, जश्नदीप तथा राजवीर सिंह एक कार में सवार होकर गांव से निकल रहे थे। उन्होंने लौहारा जाना था। उन्होंने गाड़ी सड़क पर चढ़ाई ही थी कि अबोहर साइड से आई एक कार उनसे टकरा गई। दूसरी कार को डबवाली निवासी शुभम वढ़ेरा चला रहा था। हादसे में पांचों को चोटें आई। घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जबकि शुभम वढ़ेरा को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाया गया।