नगर में 24 नवंबर को ए ब्लॉक में एक व्यापारी के घर हुई लाखों की नकदी और जेवरात की लूट मामले में एक अन्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है जिसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। मुख्य साजिशकर्ता को पुलिस पहले ही गिरफ्तारी कर पांच दिन के रिमांड पर ले चुकी है जबकि तीन लुटेरों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गौरतलब हो कि 24 नवंबर की रात करीब 10 बजे ए ब्लॉक में अश्वनी राठी के मकान पर लुटेरों ने धावा बोलकर उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर अलमारी में रखी लाखों की नकदी और जेवरात लूट लिए थे। लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की गहनता से जांच की तो एक युवक का चेहरा सामने आया जो कई दिन से रेकी करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने इस युवक आकाश निवासी चंडीगढियां मोहल्ला को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि लूट की वारदात का मुख्य साजिशकर्ता वही था। अश्वनी के पुत्र ने आकाश से एक लाख रुपये की करेंसी चेंज करवाई थी। आकाश ने लूट की साजिश अमित कुमार निवासी मंडोला जिला रेवाड़ी हाल निवास कीर्तिनगर के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सिंह ने बताया कि लूट में दो युवक हिसार के और एक युवक बडोपल का रहने वाला है जिनकी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि अमित की गोल डिग्गी चौक पर दुकान है और आकाश इसी दुकान पर काम करता है। जहां पर लूट की साजिश रची गई। उन्होंने बताया कि अमित को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर हासिल किया जाएगा ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके।