सिरसा। कालांवाली में हुए दोहरा हत्याकांड मामले में बदमाशों की ओर से इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां पुलिस ने बरामद की है। जिनमें से एक गाड़ी स्कॉर्पियो राजस्थान की है जबकि दूसरी गाड़ी एसेंट पर नकली नंबर प्लेट लगी थी और चेसिस नंबर तक नहीं है। जिसके मालिक की अभी तक पुलिस पहचान नहीं कर पाई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कालुआना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पूछताछ किए जाने के बाद आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह जग्गा तख्तमल के साथ रहते थे लेकिन वारदात करने संबंधित उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। जग्गा तख्तमल उन्हें अपने साथ लेकर आया था। वारदात होने के बाद उन्हें मामले की जानकारी मिल पाई और वह वहां से फरार हो गए थे। हालांकि अभी पुलिस ने हत्या करने मामले के कुल चार आरोपियों को काबू किया है। जबकि वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी जग्गा तख्तमल सहित अन्य छह आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस से मुठभेड़ होने के दौरान घायल हुए बलकार के कब्जे से पुलिस ने असहला भी बरामद किया है। जिसकी अभी पुलिस जांच कर ही है।
जग्गा तख्तमल द्वारा जारी की गई पोस्ट की आई रिपोर्ट
16 जनवरी को दिन दहाड़े वारदात को अंजाम देने के बाद जग्गा तख्तमल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल की थी। जिसमें उसने वारदात को अंजाम देने का जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने पोस्ट की जांच करवाने के लिए इंस्टाग्राम को पत्र लिखा था। जिसकी अभी एक रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंची है हालांकि समय और किस आइडी से वह पोस्ट वायरल हुई है उसका अभी इंस्टाग्राम से जवाब नहीं आया है। वहीं साइबर सेल भी लगातार इस मामले को लेकर आरोपियों के ठिकानों संबंधित जानकारी जुटा रही है।
एसपी बोले, अधिक सख्ती करने के लिए मजबूत तैयार कर रहे हैं केस
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि आपराधिक किस्म के लोगों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से सख्ती की जा रही है। आपराधिक घटना की वारदात को अंजाम देने वालों पर मजबूत केस तैयार किया जा रहा है ताकि वह जल्दी जेल से बाहर न आ पाएं और उन्हें सख्त से सख्त सजा मिल सके। जिले के सभी थानों में रिकार्ड के अनुसार आपराधिक किस्म के लोगों की लिस्ट भी तैयार की जा रही है। जिसके चलते उनके ठिकानों व घरों की जांच भी की जाती है। ताकि वह किसी भी बड़ी घटना को अंजाम न दे सके।
आपराधिक घटना रोकने के लिए सिविल वर्दी में तैनात होगी पुलिस
जिले में बढ़ रही छीना झपटी की वारदात पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से रात के समय भी सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस की ओर से सिविल वर्दी में भी पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा। ताकि तुरंत मौके पर ही बदमाशों को काबू किया जा सके। शहर के चौक-चौराहों व बाजार में भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाने का निर्णय लिया गया है। बता दें कि आठ दिनों में जिले में कई बदमाश छीना झपटी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले किसी भी आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ पाई है।
एसपी बोले
कालांवाली में हुए डबल मर्डर में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया हैं और एक आरोपी का अभी नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में हो रही छीना झपटी व आपराधिक मामलों पर अंकुश लगाने के लिए सिविल वर्दी में जवानों को तैनात किया जाएगा। जल्द ही अन्य सभी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
-डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, सिरसा।