सिरसा। नगर परिषद के सेवादार पर रिश्वत लेने के आरोप लगा हंगामा करने मामले में गोकुल सेतिया की अभी तक गिरफ्तारी न होने पर नगर परिषद के सभी कर्मचारी एकत्र होकर शहर थाना में पहुंचे। अब नगर परिषद कर्मचारियों ने पुलिस को 31 जनवरी तक का अल्टीमेटम दिया है। वहीं दूसरी तरफ गोकुल सेतिया ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में याचिका भी दायर की थी। जिसके पश्चात कोर्ट ने शहर थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर उनका पक्ष भी मांगा है।
बता दे कि बीती 11 जनवरी को नगर परिषद कार्यालय में गोकुल सेतिया ने सेवादार पर रिश्वत लेने के आरोप लगाकर उसे कार्यालय में ही डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा। ऐसे में मौके पर पहुंचे नगर परिषद के कर्मचारियों और गोकुल सेतिया के बीच गहमागहमी होने पर हंगामा हो गया। मामला बढ़ने के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने रोष प्रकट करते हुए गोकुल सेतिया के खिलाफ धरना दे दिया। वहीं पीड़ित सेवादार ने गोकुल सेतिया व उसके साथियों पर अभद्र शब्द बोलने जाति सूचक गालियां निकालने के आरोप लगा कर मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गोकुल सेतिया पर एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। नगर परिषद के कर्मचारियों ने गोकुल सेतिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काम छोड़ हड़ताल कर दी तो पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए 20 जनवरी तक का समय मांगा। शुक्रवार को समय अवधि पूरी होने के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने गोकुल सेतिया की गिरफ्तारी की मांग उठाई और रोष प्रदर्शन करते हुए शहर थाना में पहुंचे। यहां पर उन्होंने थाना प्रभारी अमित बैनीवाल से बातचीत की।
पुलिस को 31 जनवरी तक का दिया समय
वहीं नगर परिषद सफाई कर्मचारी एसोसिएशन के प्रधान मनोज अटवाल ने बताया कि थाना प्रभारी से बातचीत होने के बाद उन्होंने गणतंत्र दिवस के चलते समय दिए जाने की बात कही है। इसके चलते उन्होंने पुलिस को 31 जनवरी तक का समय दिया है। अगर 31 जनवरी तक गोकुल सेतिया की गिरफ्तारी नहीं होती तो वह अंदोलन करेंगे और पुलिस के खिलाफ रोष जाहिर करेंगे।
कोर्ट ने थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर मांगा पक्ष
मामले को लेकर अग्रिम जमानत के लिए गोकुल सेतिया ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसके बाद कोर्ट ने अब गोकुल सेतिया की अग्रिम जमानत याचिका के संबंध में शहर थाना प्रभारी को पत्र जारी किया है और उनका पक्ष मांगा है। कोर्ट के फैसले के बाद ही अब पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अब तक 18 जगह पर कर चुके हैं छापा कार्रवाई
गोकुल सेतिया एससीएसटी एक्ट, सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया गया है। सेतिया की गिरफ्तारी के लिए अब तक 18 जगह पर छापा कार्रवाई की गई है। लेकिन वह अभी फरार चल रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके संबंध में नगर परिषद कर्मचारियों से भी बातचीत हो चुकी है।
-अमित बैनीवाल, शहर थाना प्रभारी, सिरसा ।