सिरसा। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि जिला में 3 व 4 दिसंबर को आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा के साथ करें। परीक्षा का पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक समापन हो, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने सोमवार को अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में परीक्षा को लेकर नियुक्त किए गए राजपत्रित एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की ड्यूटी बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे बड़ी जिम्मेदारी के साथ करना होता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा निर्धारित समय के अनुरूप ही परीक्षार्थी का परीक्षा केंद्र में प्रवेश होना चाहिए। निर्धारित समय के बाद कोई भी विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। इसी प्रकार से ड्यूटी देने वाले हर अधिकारी व कर्मचारी का पहचान पत्र जारी किया गया है, बिना पहचान पत्र किसी का परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं होगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में पेपर वीडियोग्राफी के तहत खोले जाएं। पेपर का परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने का समय नोट किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि बोर्ड के नियमानुसार ही सेंटर में सिटिंग प्लान बनाई जाए। परीक्षा का आयोजन जारी हिदायतों के अनुसार ही करवाया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी कर्मचारी के पास मोबाइल न हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई फोटो स्टेट की दुकान खुली न रहें। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी देने वाले अधिकारी व कर्मचारी अपने गले में आईडी कार्ड जरूर पहनें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर निरंतर रूप से बिजली की सप्लाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा के दिनों में बाहर से आने वाले वाहनों की गहनता से जांच करें, इसके साथ-साथ होटल व धर्मशालाओं में भी लगातार निगरानी रखें और जांच करें।
तीन चरणों में होगी परीक्षा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल तीन की परीक्षा 3 दिसंबर को दोपहर बाद 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे जिला के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। लेवल दो की परीक्षा 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक जिला के 25 परीक्षा केंद्रों तथा लेवल एक की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक जिले में बनाए गए 6 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, एसडीएम राजेंद्र कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार, जिला खजाना अधिकारी नरेंद्र ढुल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।