डबवाली (सिरसा)। शहर के वार्ड नंबर एक में रविवार को हुए गोलीकांड का कनेक्शन पंजाब से जुड़ा है। पुलिस ने खुलासा किया है कि पंजाब एरिया में अवैध धंधा चलाने की एवज में महीना वसूली के लिए गोली चलाई गई है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ के दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डबवाली के वार्ड नंबर एक में रहने वाला दुष्यंत उर्फ हैप्पी करीब एक-डेढ़ साल पहले साथ लगते पंजाब एरिया में लॉटरी का अच्छा-खासा कारोबार करता था। पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लॉटरी के नाम पर हो रहे अवैध धंधों को बंद करवा दिया। डबवाली निवासी सुरेंद्र कुमार उर्फ छिंदा, चौहान नगर निवासी गोपी कंग, वार्ड 11 निवासी लक्की जग्गा, नरसिंह कालोनी (पंजाब) निवासी अम्मी सोनी, गांव क्खांवाली (पंजाब) निवासी नवी ने हैप्पी से एक लाख रुपये महिना वसूलने के लिए प्लान तैयार किया। प्लान के मुताबिक छिंदा ने उसे अपने घर बुलाया। घर में पहले ही उपरोक्त चारों मौजूद थे। धंधा चलाने की एवज में उससे एक लाख रुपये की मांग की। नवी ने रिवॉल्वर से उस पर गोली चलाई। जो उसकी बाजू के पास से होकर निकली। धमकी देते हुए आरोपियों ने कहा कि फायर हमने डराने के लिए किया है। दो दिन में महीना नहीं दिया तो उसे जान से मार देंगे। हैप्पी ने रविवार शाम को शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। सोमवार सुबह जांच के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम मौका पर पहुंची। टीम ने छिंदा के घर पर गोली चलने की पुष्टि की।
बाथरूम में लगी गोली
सीन ऑफ क्राइम टीम ने रिपोर्ट दी कि शिकायतकर्ता पर चलाई गई गोली बाथरूम पर लगी है। जिस जगह से गोली चली उससे बाथरूम करीब सात फुट दूर है।
हैप्पी पंजाब में लॉटरी का धंधा करता था। आरोपियों को संदेह है कि वह अब भी वहीं काम करता है। उससे एक लाख रुपये महीना मांगा था। जवाब देने पर हैप्पी पर गोली चला दी। केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश में छापामारी शुरू कर दी है।
-देसराज, प्रभारी
पुलिस चौकी, गोल बाजार, डबवाली