गांव सूरतिया में देर रात अज्ञात लोगों ने करीब चार कनाल भूसा व ढाई एकड़ गेहूं की फसल में आग लगा दी। गनीमत ये रही की फायर ब्रिगेड व आसपास के किसानों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया अन्यथा वहां खड़ी हजारों एकड़ फसल आग की भेंट चढ़ जाती।
सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के बाद मौके से माचिस की डिब्बी व जली हुई तीलियां बरामद कर ली है। गांव सूरतिया निवासी मेजर सिंह ने रविवार के दिन अपनी कंबाइन से गेहूं की फसल निकाली थी। फसल निकालकर वे घर आ गए। उसके बाद रात्रि को किसी ने उसके खेत में निकाले गए भूसे को आग लगा दी, जिससे करीब चार कनाल में भूसा जलकर राख हो गया। आसपास के किसानों ने आग को देखकर गाव के गुरुद्वारा में बोलकर लोगों सूचित किया, जिस पर ग्रामीणों सहित मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
उसके बाद उसकी फसल से करीब 20 एकड़ दूर खेतों में खड़ी विक्रमजीत की गेहूं की फसल में किसी ने आग लगा दी गई, जिससे करीब ढाई कनाल में गेहूं की खड़ी फसल जल गई। हरियाणा व पंजाब के दो गांवों के लोगों ने मौके पर एकत्रित होकर आग पर काबू पाया। जांच कर रहे एएसआई भरत सिंह ने बताया कि आगजनी की सूचना पर उन्होंने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है, जहां से उन्हें माचिस की डिब्बी व जली हुई तीलियां मिली हैं। आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।