पंजाब पुलिस की एक गाड़ी मंगलवार सुबह गांव भंभूर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। दुर्घटना में इंस्पेक्टर सहित छह पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलने पर सिरसा और पंजाब पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। दो पुलिस वालों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पंजाब की मानसा पुलिस के कर्मचारी मंगलवार सुबह गाड़ी में सवार होकर स्टेट बैंक का कैश लेने के लिए ऐलनाबाद जा रहे थे। गांव भंभूर के पास सुबह दस बजे पुलिस की गाड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलट गई। जिससे गाड़ी में सवार इंस्पेक्टर मोहरी लाल, हेड कांस्टेबल कर्मजीत सिंह, कांस्टेबल हर सिमरण सिंह, गुरशंत सिंह, हरचरण सिंह, राजेंद्र व सुखविंद्र सिंह घायल हो गया। राहगीरों ने घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस व पंजाब पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना।
उधर, बरनाला रोड पर सोमवार रात को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह सामान्य अस्पताल में किया गया। जानकारी के अनुसार राम कॉलोनी निवासी प्रहलाद स्कूटी पर सवार होकर बरनाला रोड से घर की तरफ आ रहा था। बाल भवन के पास तेज रफ्तार गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।