हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि बदलते परिवेश में बेटियों के प्रति बदलती मानसिकता का ही यह परिणाम है कि उन्मुक्त माहौल के चलते बेटियां आज हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। इसी का जीता जागता प्रमाण सिरसा की महिला बॉक्सर नविता दहिया के रूप में देखा जा सकता है।
वे अपने आवास पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 69 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक विजेता को उसकी उपलब्धि पर बधाई दे रहे थे। इस अवसर पर वार्ड नंबर 19 की निवासी नविता दहिया की माता कमलेश दहिया भी विशेष रूप से मौजूद थी। डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस शासन में खेल व खिलाड़ियों के लिए बनाई गई उज्ज्वल योजनाओं का ही यह प्रतिफल है कि आज भी खिलाड़ी न केवल प्रांत स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर देश व प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। तंवर ने कहा कि बतौर सांसद रहते हुए उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के दरियापुर में फुटबाल अकादमी की स्थापना कराई थी, लेकिन मौजूदा सरकार की खेल व खिलाड़ियों की उदासीनता इतनी अधिक है कि आज तक वहां पर खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधा के लिए राशि ही जारी नहीं की।
उन्होंने प्रदेश सरकार की खेल नीति पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि इस नीति से देश ओलंपिक में ज्यादा खास नहीं कर सका और महज दो पदकों से ही संतोष करना पड़ा। डॉ. अशोक तंवर ने नविता दहिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह अपने कठिन परिश्रम और अनुभव के आधार पर देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम चमकाएंगी। तंवर ने उन्हें उनकी उपलब्धि के लिए मिठाई भी खिलाई। उन्होंने उनकी माता कमलेश दहिया को भी बेटी की इस उपलब्धि पर विशेष रूप से बधाई दी। इस मौके पर पूर्व सांसद हेतराम, ओमप्रकाश केहरवाला, आनंद बियाणी, पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी, गुरनाम झब्बर सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।