फोटो 32 से 37 और 39, 40
59वीं लड़कियों की राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में सिरसा का शानदार आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। 59वीं लड़कियों की स्कूल राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता बुधवार को शुरू हुई। मेजबान सिरसा की टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। बास्केटबाल और हॉकी दोनों खेलों में टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली।
शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में हुए अंडर-19 बास्केटबाल मुकाबले में सिरसा ने नूंह को 26-5 के बड़े अंतर से हराया। इसी वर्ग में पानीपत ने फतेहाबाद को 30-20, फरीदाबाद ने राई को 22-8 और करनाल ने रेवाड़ी को 31-13 से शिकस्त दी।
अंडर-17 बास्केटबाल में करनाल, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद ने अपने-अपने मैच जीते। जीवन नगर हॉकी स्टेडियम में अंडर-14 में सिरसा ने फरीदाबाद को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
हॉकी के अंडर-14 वर्ग में करनाल, फतेहाबाद, भिवानी, अंबाला, पानीपत और सोनीपत ने भी जीत दर्ज की। बुधवार को जीतने वाली टीमें गुरुवार, 17 सितंबर को दूसरे राउंड के मुकाबलों के लिए उतरेंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ और भागीदारी
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने दोनों खेल स्थलों पर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मुकाबले खेलने का आह्वान किया। इससे पहले सभी जिलों की टीमों ने अपने-अपने जिले के ध्वज के साथ मार्च पास्ट किया। बास्केटबाल में कुल 63 में से 59 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें अंडर-14 में 20, अंडर-17 में 19 और अंडर-19 में 22 टीमें शामिल थीं।
आयोजन में सहयोग
हॉकी में हांसी को छोड़कर राई समेत 23 जिलों की टीमें मैदान में हैं। प्रतियोगिता के संचालन में सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल केवल कंबोज, सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी खेल हरबंस सिंह, हॉकी कन्वीनर इंद्रजीत सिंह, बास्केटबाल कन्वीनर कुलदीप, राकेश सहारण और खजान सिंह सहित प्रशिक्षक व खेल अधिकारी जुटे रहे। जीवन नगर में पूर्व ओलंपियन दीदार सिंह और भारतीय टीम के खिलाड़ी राजेंद्र सिंह सहित अन्य ने भी सहयोग किया।