गोरीवाला। गांव गंगा के बोहड़ चौराहे पर सोमवार को दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने घरेलू सामान लेने के लिए गए युवक को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जानकारी के अनुसार गांव गंगा की चौपाल में स्थित दुकान पर अजय घरेलू सामान लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार वहां पहले से ही मौजूद थे। जैसे ही उन्हें अजयप्रीत को देखा तो गोली चलानी शुरू कर दी। लेकिन वहां वाहन खड़े होने से उनकी ओट होने से वह बचा गया और दौड़कर दुकान में घुस गया। वहीं दोनें अजयप्रीत को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं गोली चलने से चौपाल में बैठे लोगों में अफरातफरी मच गई और गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। गोरीवाला चौकी प्रभारी रामचंद्र ने बताया कि अजयप्रीत के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें उसने गांव गंगा के ही दो युवकों हरजिंद्र सिंह व रोहतास पर गोली चलाने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।